सीकर। श्यामनगरी के लोगों को शहरी सरकार का नया मुखिया शनिवार को मिल सकता है। अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को डाले गए 19 मतों की मतगणना शनिवार सुबह 10 बजे नगरपालिका कार्यालय में होगी। रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक कलक्टर सीकर कपिल उपाध्याय ने शुक्रवार देर शाम मतगणना के आदेश जारी किए। मतगणना स्थल पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के लिए पुलिस उपाधीक्षक और थानाधिकारी को भी पत्र लिखा है। मतगणना का कार्यक्रम तय होने के साथ ही चुनाव का कानूनी पेंच भी बरकरार है।
दरअसल, खाटूश्यामजी नगर पालिकाध्यक्ष के चुनाव मामले को लेकर गुरुवार को हाईकोर्ट ने आदेश सुनाया था, लेकिन निर्वाचन आयोग के पास न्यायालय के आदेश की कॉपी नहीं मिलने की वजह से मामला अटक गया था। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने यहां 25 सितम्बर को एक पार्षद का अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराने के आदेश जारी किए थे।
पुलिस बल की रहेगी तैनाती
शुक्रवार को विनीता पूनिया की ओर से हाईकोर्ट के आदेश की प्रमाणित प्रति निर्वाचन अधिकारी को सौंपकर 19 मतों की गणना और परिणाम घोषित करने की मांग की गई। इसके बाद निर्वाचन कार्यालय ने मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए पुलिस व्यवस्था के लिए पत्र जारी किया।
एकलपीठ के आदेश की पालना में मतगणना
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने 24 सितंबर को वार्ड 11 की पार्षद एवं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विनीता पूनिया की याचिका पर आदेश देते हुए 25 सितंबर को प्रस्तावित पुनर्मतदान की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। अदालत ने 21 सितंबर को मतदान अवधि में डाले गए 19 मतों की गणना कर अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश की पालना में रिटर्निंग अधिकारी ने अब शनिवार सुबह 10 बजे मतगणना तय की है।
19 मतों में छिपा सरकार का फैसला
20 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 8, कांग्रेस के 8, तीन निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद हैं। 21 सितंबर को 20 में से 19 पार्षदों ने मतदान किया था। वार्ड 10 की कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान केंद्र नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद उनके पति हरलाल ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस कार्रवाई के बाद लक्ष्मी देवी को दस्तयाब कर पति को सौंपा गया था। इसके बाद यहां 19 मतों वाली मतपेटी सील कर सुरक्षित रखी गई। अब इन्हीं मतों की गणना से अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर साफ होगी।

