देश में छोटे कारोबारियों के लिए आने वाले महीनों की तस्वीर बेहतर होती दिखाई दे रही है। कच्चे माल और दूसरे जरूरी सामान की बढ़ती कीमतों के बावजूद एमएसएमई को अपने कारोबार में सुधार की उम्मीद है। भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की ताजा सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान छोटे कारोबारियों का भरोसा बढ़ा है। इस मामले में विनिर्माण क्षेत्र सबसे आगे रहा है, जबकि व्यापार और सेवा क्षेत्र में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला है।
सिडबी की एमएसएमई आउटलुक सर्वेक्षण रिपोर्ट के 8वें चरण में बताया गया है कि कारोबारी भरोसे का इंडेक्स पिछली तिमाही के 59.3 से बढ़कर 60.4 पर पहुंच गया। इस इंडेक्स का स्तर 50 से ऊपर होना कारोबार को लेकर सकारात्मक सोच का संकेत माना जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों प्रमुख क्षेत्रों में यह स्तर 50 से ऊपर बना हुआ है, जो छोटे कारोबारियों की मजबूती और भविष्य को लेकर उनके भरोसे को दिखाता है।
सर्वेक्षण में शामिल कारोबारियों में से 49% ने बताया कि पिछली तिमाही के मुकाबले उनके कारोबार की स्थिति में सुधार हुआ है। वहीं, 33% कारोबारियों ने कहा कि उनकी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया, जबकि 18% ने कारोबार की स्थिति कमजोर होने की बात कही। इन आंकड़ों से पता चलता है कि बढ़ती लागत के बावजूद बड़ी संख्या में छोटे कारोबारियों को मांग और कारोबार की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
आने वाले समय को लेकर भी कारोबारियों का रुख सकारात्मक बना हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए कारोबार की उम्मीदों का इंडेक्स 61.7 रहने का अनुमान है। वहीं, जुलाई से सितंबर 2027 की अवधि के लिए यह बढ़कर 62.2 तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे संकेत मिलता है कि छोटे कारोबारियों को अगले कुछ महीनों में बेहतर कारोबारी माहौल की आशा है।
क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो सामान बनाने से जुड़े कारोबार में सबसे ज्यादा भरोसा दर्ज किया गया। इस क्षेत्र का कारोबारी भरोसा इंडेक्स पिछली तिमाही के 59.5 से बढ़कर 61.0 हो गया। विनिर्माण क्षेत्र के करीब 43% कारोबारियों ने बिक्री में बढ़ोतरी की जानकारी दी। वहीं, कारोबार की स्थिति को लेकर निराशा जताने वालों का हिस्सा घटकर 27% रह गया। इससे बिक्री के प्रदर्शन में कुछ सुधार के संकेत मिलते हैं।
विनिर्माण क्षेत्र की आने वाली अवधि के लिए उम्मीदें भी मजबूत हैं। अक्टूबर से दिसंबर 2026 के लिए इस क्षेत्र का उम्मीद इंडेक्स 63.3 रहने का अनुमान है, जो जुलाई से सितंबर 2027 तक बढ़कर 64.8 हो सकता है। इससे पता चलता है कि सामान बनाने वाली छोटी इकाइयों को आने वाले समय में कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है।
सेवा क्षेत्र में भी भरोसा बढ़ा है। इसका कारोबारी भरोसा इंडेक्स पिछली तिमाही के 60.4 से बढ़कर 61.3 पर पहुंच गया। आने वाली अवधि के लिए सेवा क्षेत्र का उम्मीद इंडेक्स अक्टूबर से दिसंबर 2026 में 61.1 और जुलाई से सितंबर 2027 में 61.0 रहने का अनुमान है। वहीं, व्यापार क्षेत्र के लिए भविष्य का इंडेक्स जुलाई से सितंबर 2027 तक बढ़कर 60.9 रहने की उम्मीद जताई गई है।
गौरतलब है कि छोटे कारोबार देश में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि, बढ़ती लागत कारोबारियों के लिए चुनौती बनी हुई है। सिडबी की रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि इन दबावों के बावजूद कारोबारी भरोसा मजबूत बना हुआ है और आने वाले समय में सुधार की उम्मीद कायम है।

