JCB से बचने दुकानदारों ने खुद तोड़े अपने अतिक्रमण:दतिया के इंदरगढ़ में दूसरे दिन भी कार्रवाई; शुक्रवार रात हुई थी नारेबाजी

JCB से बचने दुकानदारों ने खुद तोड़े अपने अतिक्रमण:दतिया के इंदरगढ़ में दूसरे दिन भी कार्रवाई; शुक्रवार रात हुई थी नारेबाजी

दतिया जिले के कस्बा इंदरगढ़ के मुख्य बाजार स्थित शीतला माता मंदिर के पास शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही। शुक्रवार को जेसीबी से आधा दर्जन दुकानों को तोड़े जाने के बाद, शनिवार को प्रशासन ने दुकानदारों को खुद अपना अतिक्रमण हटाने का मौका दिया। नुकसान से बचने के लिए सुबह से ही दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे बढ़े हुए हिस्से और शेड खुद ही तोड़ना शुरू कर दिए। तहसीलदार ने बताया कि चार दुकानों का कुछ हिस्सा सड़क की 41 फीट की निर्धारित सीमा के अंदर आ रहा था। दुकानदारों का मानना था कि यदि प्रशासन ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाया, तो उनकी दुकानों को ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। इसी वजह से प्रशासन ने उन्हें स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटाने की अनुमति दी, जिसके बाद वे खुद ही हथौड़ा और अन्य औजार लेकर निर्माण तोड़ने में जुट गए। शुक्रवार रात पुलिस-प्रशासन के खिलाफ हुई थी नारेबाजी
इससे पहले शुक्रवार देर रात अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान माहौल गर्मा गया था। कुछ दुकानदारों ने प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। हालात को बिगड़ता देख एसडीओपी अजय चानना तुरंत मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *