शाई होप ने खुद को बताया हार का जिम्मेदार, टीम इंडिया के सामने चाह कर भी नहीं कर पाए ये काम

शाई होप ने खुद को बताया हार का जिम्मेदार, टीम इंडिया के सामने चाह कर भी नहीं कर पाए ये काम

T20 World Cup 2026, IND vs WI: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के करो या मरो वाले मुकाबले में भारत के हाथों हारकर वेस्टइंडीज टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इस शर्मनाक विदाई के बाद विंडीज कप्तान शाई होप ने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने सिर ले ली है। उन्होंने माना कि टॉप ऑर्डर में उनकी धीमी बल्लेबाजी की वजह से टीम इंडिया को एक बड़ा टार्गेट नहीं मिल पाया।

‘हां, मैं हूं हार का गुनहगार’

ईडन गार्डन्स में रविवार को खेले गए इस मैच में भारत ने 196 रनों का लक्ष्य हासिल किया। मैच के बाद शाई होप ने बिना किसी बहानेबाजी के कहा, ‘हां, मैं इस हार का इल्जाम खुद पर लेता हूं। मुझे और तेजी से रन बनाने चाहिए थे। जब आप टीम को लीड कर रहे होते हैं, तो आप चाहते हैं कि ऊपर से मैच का मोमेंटम सेट करें, लेकिन आज मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ। मैं बस गेंद को सही से टाइम नहीं कर पा रहा था।’ शाई होप ने 33 गेंदें खेलीं और सिर्फ 32 रन बनाए। उनकी पारी में 17 ‘डॉट बॉल्स’ (बिना रन वाली गेंदें) थीं, जो इस हाई-स्कोरिंग मैच में वेस्टइंडीज को बहुत भारी पड़ीं।

भारत के जाल में फंसे होप

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पावरप्ले में अर्शदीप, हार्दिक और अक्षर पटेल से सधी हुई गेंदबाजी करवाई। इसके बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने होप को क्लीन बोल्ड कर उनकी पारी का अंत किया। हालांकि रोस्टन चेज, पॉवेल और होल्डर ने अंत में ताबड़तोड़ रन बनाकर स्कोर 195 तक पहुंचाया, लेकिन ओस (dew) के कारण यह स्कोर कम रह गया। होप ने यह भी माना कि वो टॉस हारने की वजह से भी बैकफुट पर थे क्योंकि ईडन गार्डन्स में बाद में बैटिंग करना आसान होता है।

संजू की जम के की तारीफ

मैच हारने के बावजूद शाई होप ने भारत के हीरो संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। संजू ने नाबाद 97 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। संजू के बारे में होप ने कहा, ‘संजू ने शुरुआत से अंत तक कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने बहुत ही समझदारी से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उनकी आज की पारी के लिए उन्हें ‘A-Plus’ ग्रेड देना चाहिए। बस काश! वो आज हमारे खिलाफ ऐसी पारी न खेलते।’

सैमसन का ‘कमबैक’

संजू सैमसन के लिए यह मैच किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। टूर्नामेंट की शुरुआत में वो पहली पसंद नहीं थे, टीम अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के साथ जा रही थी। लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद संजू के अनुभव पर भरोसा जताया गया। संजू ने पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ अच्छी शुरुआत की और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी जिंदगी की सबसे यादगार पारी खेलकर इसे सही साबित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *