स्थानीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह जारी गिरावट के बीच सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 1,13,000 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे अधिक नुकसान हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 276.32 अंक यानी 0.35 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 76.35 अंक यानी 0.31 प्रतिशत नीचे आया। समीक्षाधीन सप्ताह में भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 40,500.85 करोड़ रुपये घटकर 11,74,462.30 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 40,056.32 करोड़ रुपये घटकर 17,38,119.27 करोड़ रुपये पर आ गया।
एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 11,558.35 करोड़ रुपये घटकर 11,09,600.70 करोड़ रुपये रह गई। बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में 10,086.05 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 6,70,535.57 करोड़ रुपये पर आ गया। लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का बाजार पूंजीकरण 6,473.45 करोड़ रुपये घटकर 5,55,987.49 करोड़ रुपये रहा।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 3,162.5 करोड़ रुपये घटकर 5,32,817.81 करोड़ रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 1,550.73 करोड़ रुपये घटकर 4,72,361.83 करोड़ रुपये पर आ गया। इस रुख के उलट टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के बाजार पूंजीकरण में 16,643.20 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 8,48,079.71 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 4,475.28 करोड़ रुपये बढ़कर 10,22,805.73 करोड़ रुपये हो गई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में 599.99 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 9,65,568.75 करोड़ रुपये रहा। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही।
इसके बाद क्रमश: भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, भारतीय जीवन बीमा निगम और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

