फिटनेस सेवा मंच कल्ट डॉट फिट, ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज और कृषि-भंडारण कंपनी सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये पूंजी जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। नियामक की वेबसाइट पर उपलब्ध अद्यतन सूचना से इसकी जानकारी मिली। यह मंजूरी प्राथमिक बाजार में धन जुटाने की मजबूत गतिविधियों के बीच आई है, जहां कंपनियों ने 2026 में अब तक 97 सार्वजनिक निर्गमों के माध्यम से 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं।
इस महीने कई बड़े आईपीओ आने वाले हैं। कल्ट डॉट फिट और ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज ने जहां सामान्य मार्ग से अपने मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे, वहीं सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट ने गोपनीय मार्ग का विकल्प चुना था। कंपनियों ने अपने दस्तावेज मार्च से जुलाई के बीच जमा किए थे और सेबी ने 12-13 अक्टूबर के दौरान अपने निष्कर्ष जारी किए।
सेबी की भाषा में निष्कर्ष जारी होने का अर्थ आईपीओ के लिए हरी झंडी मिलना है। कल्ट डॉट फिट के प्रस्तावित आईपीओ में 950 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 17.86 करोड़ तक के इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज के प्रस्तावित आईपीओ में 500 करोड़ रुपये का ताजा निर्गम और 1.32 करोड़ तक के इक्विटी शेयरों का ओएफएस शामिल है।
बाजार सूत्रों के अनुसार आईपीओ का कुल आकार 1,100 करोड़ रुपये से 1,300 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है। प्रौद्योगिकी-संचालित कृषि लॉजिस्टिक में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट ने मार्च में गोपनीय मार्ग के जरिये सेबी के पास अपने शुरुआती आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। इसलिए आईपीओ के शुरुआती चरण में कंपनी के मसौदा प्रस्ताव दस्तावेजों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

