कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में एक स्कूल प्रबंधक पर 10 वर्षीय छात्रा के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मस्वानपुर निवासी एक मजदूर ने बताया कि उनकी बेटी पास के एक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है और यूकेजी से वहीं पढ़ रही है। शनिवार को वह स्कूल से टीसी लेने गई थी। सुबह करीब 11 बजे जब वह घर लौटी तो रोते हुए उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ में स्कूल प्रबंधक पर गलत हरकत करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही रावतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रबंधक ने आरोपों से किया इनकार वहीं, आरोपी स्कूल प्रबंधक ने पूछताछ में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि बच्ची टीसी लेने आई थी और फीस के पैसे को लेकर बातचीत हुई थी। उसने सभी आरोपों को गलत बताया है। पुलिस बोली- मामला संदिग्ध, जांच जारी थाना प्रभारी कमलेश रॉय ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


