Satya Niketan Building Collapse | दिल्ली में इमारत ढहने से छह लोगों की मौत, मलबे से 11 लोगों को निकाला गया

Satya Niketan Building Collapse | दिल्ली में इमारत ढहने से छह लोगों की मौत, मलबे से 11 लोगों को निकाला गया

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है और मलबे से कुल 11 लोगों को निकाला गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई।

पेइंग गेस्ट वह व्यक्ति होता है जो किसी मकान या आवास में किराया देकर रहता है, जहां अक्सर भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) समेत कई एजेंसियां रातभर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं।

इसे भी पढ़ें: ‘पराये धन’ को अपना बनाना भाजपा से बेहतर कोई नहीं जानता… ‘पीडीए’ तंज पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा, ‘‘रात में एक और व्यक्ति को मलबे से निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।’’
उन्होंने बताया कि घटना से कथित तौर पर जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

ये रहा CCTV वीडियो 

CCTV फुटेज में वह पल कैद हुआ जब इमारत अचानक ढह गई। इसमें दिख रहा है कि कैसे कुछ ही सेकंड में ढांचा ढह गया और ज़मीन पर गिरते ही धूल का गुबार उठने लगा। गिरी हुई इमारत के सामने वाली बिल्डिंग के CCTV फुटेज में एक दुकानदार बाल-बाल बचता हुआ दिख रहा है। फुटेज में वह व्यक्ति इमारत गिरने से कुछ पल पहले अपनी दुकान के बाहर बैठा हुआ दिखाई देता है। जैसे ही इमारत अचानक ढही और इलाके में धूल का घना गुबार छा गया, वह अपनी जान बचाने के लिए दुकान से भागता हुआ नज़र आया।

इसे भी पढ़ें: PM Narendra Modi ने कहा, India-France संबंध मजबूत सांस्कृतिक और रणनीतिक नींव पर टिके हैं

दिल्ली के CM ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए

इस बीच, दिल्ली सरकार ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और इमारत के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली CMO के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण और घटना के शुरुआती आकलन के बाद यह फैसला लिया गया। कार्यालय ने कहा कि इस ‘गंभीर घटना’ के लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा और कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उनके निर्देशों के बाद, दिल्ली पुलिस ने साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में लड़कों के PG के मालिक हरिराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। दिल्ली पुलिस ने कहा, “साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ BNS की धारा 105/290/125(a) के तहत FIR नंबर 153/26 दर्ज की गई है। यह बिल्डिंग एक PG थी। आरोप है कि ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई। इन लोगों का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।”

Read Latest
National News in Hindi
only on Prabhasakshi  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *