Samba के बाड़ी ब्राह्मण रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने की संयुक्त Mock Drill

Samba के बाड़ी ब्राह्मण रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने की संयुक्त Mock Drill

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में बाड़ी ब्राह्मण रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सुरक्षा बलों और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह मॉक ड्रिल सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर शुरू हुई और आधे घंटे से अधिक समय तक चली।

इसमें बाड़ी ब्राह्मण स्थित रेलवे स्टेशन और रेलवे क्वार्टर को शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि अभ्यास में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुसार आयोजित की गई।

इसका उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का आकलन करना था। उन्होंने कहा कि अभ्यास शुरू होने से पहले सभी टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अभ्यास से पहले और बाद में भी जानकारी साझा करने तथा समीक्षा के लिए बैठकें की गईं।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतिभागियों को मॉक ड्रिल के महत्व और आपात स्थिति में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के बारे में भी जागरूक किया गया। बाद में संबंधित एजेंसियों के साथ सुरक्षा समन्वय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करने पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *