Ahmedabad. ईरान-इजराइल, अमरीका के बीच जारी युद्ध के चलते पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। डीजल, पेट्रोल की कीमत भी बढ़ी है। इसके चलते गुजरात में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बिक्री भी बढ़ी है। यह तथ्य फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिशन (फाडा)की मार्च 2026 की रिपोर्ट में सामने आए हैँ।
फाडा गुजरात के अध्यक्ष प्रणव शाह ने बताया कि ईरान-इजराइल-अमरीका युद्ध के चलते गुजरात के वाहन खरीददार इलेक्ट्रिक वाहनों को पसंद कर रहे हैं। इन दिनों वाहन डीलरों के यहां इलेक्ट्रिक वाहनों की इन्क्वायरी 200-300 फीसदी बढ़ गई है। हालांकि रिटेल बिक्री में इतने प्रतिशत की वृद्धि नहीं दिख रही है, लेकिन बीते साल के मुकाबले इसमें इजाफा देखा जा रहा है। कुल वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी गुजरात में 52 फीसदी बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि मार्च 2025 की बात करें तो गुजरात में 5271 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई थी, जो मार्च 2026 में बढ़कर 11126 इलेक्ट्रिक वाहन पर पहुंच गई है। जिस प्रकार के हालात दिख रहे हैं, उसे देखते हुए वृद्धि का यह सिलसिला आगामी महीनों में भी बरकरार रह सकता है। इसमें भी दुपहिया इलेक्ट्रिक व्हीकल की बिक्री ज्यादा है। चार पहिया ईवी वाहनों की बिक्री भी बढ़ी है।
ईवी को 5 प्रतिशत टैक्स राहत मार्च 2027 तक बढ़ी
गुजरात सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल को आरटीओ टैक्स में पांच प्रतिशत के रिबैट (छूट) को एक साल के लिए और बढ़ा दिया है। अब राज्य में ईवी को आरटीओ टैक्स में पांच प्रतिशत का रिबैट मार्च 2027 तक मिलेगा। आरटीओ टैक्स वाहनों पर छह प्रतिशत है, जबकि ईवी पर महज एक प्रतिशत का टैक्स लिया जा रहा है। पांच प्रतिशत का रिबैट दिया जा रहा है।


