Kartavya Trailer: नेटफ्लिक्स ने सैफ अली खान अभिनीत आगामी क्राइम ड्रामा ‘कर्तव्य’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। पुलकित द्वारा निर्देशित और गौरी खान द्वारा रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित, ‘कर्तव्य’ पवन (खान) की कहानी है, जो एक पुलिस अधिकारी है और एक पत्रकार की सुरक्षा में नाकाम रहने के बाद कड़ी जांच के दायरे में आ जाता है। बता दें कि ये फिल्म 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।
कतर्व्य के ट्रेलर में इंटेंस लुक में नजर आये सैफ अली खान (Kartavya Trailer)
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ‘कर्तव्य’ में सैफ अली खान ‘पवन’ का किरदार निभा रहे हैं, वह एक पुलिस अधिकारी है, जो अपनी सुरक्षा में मौजूद एक पत्रकार की गोली लगने से मौत होने के बाद सवालों के घेरे में आ जाता है। वरिष्ठ अधिकारियों के बढ़ते दबाव के बीच, पवन एक हाई-स्टेक इन्वेस्टिगेशन में उलझ जाता है, जिसके चलते वो पावर, झूठ और धोखे के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करता है।
इसी बीच, उसके निजी जीवन में उथल-पुथल मचने लगती है क्योंकि उसके भाई से जुड़े एक विवाद के कारण उसके परिवार को खतरा पैदा हो जाता है, जिससे पवन को सिस्टम के साथ और घर दोनों जगह संघर्ष का सामना करना पड़ता है। जैसे-जैसे मामला गहराता जाता है, वो ‘कर्तव्य’ और परिवार के बीच खुद को फंसा हुआ पाता है, जहां हर विकल्प की एक कीमत चुकानी पड़ती है।
सैफ अली खान ने फिल्म के बारे में क्या कहा
फिल्म के बारे में बात करते हुए सैफ अली खान ने कहा, “पवन एक ऐसा व्यक्ति है जो लगातार खुद से ही जूझता रहता है, सही क्या है, उससे क्या उम्मीद की जाती है और उसे किसकी रक्षा करनी है, इन सबके बीच। मुझे ‘कर्तव्य’ की ओर आकर्षित करने वाली बात ये है कि ये आसान जवाब नहीं देती; यह आपको असहज परिस्थितियों में डालती है और आपको यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब हर विकल्प की कोई न कोई कीमत चुकानी पड़े तो आप क्या करेंगे।”

अभिनेता ने आगे कहा, “पुलकित और पूरी कास्ट के साथ काम करने से ये फ़िल्मी सफर और भी दिलचस्प और रोमांचक बन गया। ‘कर्तव्य’ जैसी अलग और दमदार कहानी पर पहली बार रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ काम करना खासतौर पर रोमांचक रहा है।”
कर्तव्य की स्टार कास्ट और रिलीज डेट (Kartavya Release Date)
फिल्म में सैफ अली खान के साथ रसिका दुगल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। बता दें कि ये फिल्म 15 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।


