सहारनपुर नगर निगम ने मंगलवार को चिलकाना रोड स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास बरामद किए। निगम अधिकारियों ने पूरा माल जब्त कर गोदाम संचालक पर 40 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। नगर निगम को सूचना मिली थी कि चिलकाना रोड क्षेत्र के एक गोदाम में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों का भंडारण किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अभियान लगातार जारी रहेगा इसके बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह के नेतृत्व में नगर निगम की स्वास्थ्य एवं प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गोदाम की गहन जांच की, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक से निर्मित गिलास पाए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। बरामद प्लास्टिक सामग्री को नगर निगम के वाहनों और ट्रॉलियों में भरकर निगम परिसर लाया गया। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक से 40 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ कारोबारी नियमों की अनदेखी कर ऐसे उत्पादों का भंडारण और कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा। खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी डॉ. शाह ने व्यापारियों से अपील की कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और कारोबार पूरी तरह बंद करें तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता संजय कुमार, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग, सफाई निरीक्षक आशीष धौलाखंडी, राजेश कुमार, नीरज कर्णवाल, अमित कुमार सहित प्रवर्तन दल के जवान मौजूद रहे।


