नयी दिल्ली, छह अक्टूबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर व्यापार, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को घाना, कोटे डी आइवर और इथियोपिया की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि जयशंकर का यह दौरा अफ्रीका के साथ भारत की साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ नयी दिल्ली की एकजुटता को आगे बढ़ाएगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि जयशंकर अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर आपसी मित्रता और सहयोग पर आधारित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘वार्ता में व्यापार और आर्थिक संबंधों, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।’’
इसमें कहा गया कि जयशंकर साझा हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। अदीस अबाबा में जयशंकर ‘क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों’ (एचओएम) के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे जिसमें इस क्षेत्र में तैनात भारत के राजनयिक भी शामिल हो सकते हैं।

