पुणे एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से बंद, भारतीय वायु सेना के जेट की हार्ड लैंडिंग से कई फ्लाइट्स डायवर्ट- जानें क्या हुआ?

पुणे एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से बंद, भारतीय वायु सेना के जेट की हार्ड लैंडिंग से कई फ्लाइट्स डायवर्ट- जानें क्या हुआ?

IAF aircraft incident: पुणे एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात रनवे को अचानक से हुई एक घटना की वजह से अस्थाई रूप से बंद करना पड़ा। इस वजह से कई फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया औऱ दूसरे शहरों में भेजा गया। इससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा और इसी वजह से वे थोड़े परेशान नजर आए। जानकारी के अनुसार, भारतीय वायु सेना के एक विमान को लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ा जिसके चलते एयरपोर्ट पर इतनी अव्यवस्था हुई। इस बात की पुष्टि भारतीय वायु सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट डालकर की।

लैंडिंग के दौरान क्या हुआ था?

आपको बता दें, भारतीय वायु सेना की लैंडिंग के समय उसके लैंडिंग गियर में खराबी आ गई थी। यह घटना रात के करीब 10:25 बजे हुई। गियर में खराबी आने के कारण लैंडिंग सामान्य तरीके से नहीं हो पाई और उसे हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी। इसके बाद विमान रनवे पर ही रुक गया, जिससे बाकी विमानों के आने-जाने का रास्ता बंद हो गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार, रनवे को साफ करने और सब कुछ सामान्य करने में लगभग 4 से 5 घंटे लग सकते थे। तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और विमान को हटाने व रनवे को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया।

अधिकारियों का बयान

इस मामले पर भारतीय वायु सेना ने बताया कि एक उनके विमान में आई समस्या की वजह से रनवे कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। राहत की बात यह है कि विमान में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि रनवे को जल्द से जल्द दोबारा चालू करने की कोशिश चल रही है।

वहीं, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि एयरलाइंस को जानकारी दे दी गई है और हालात को ठीक होने में कुछ घंटे लग सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे लगातार एयरपोर्ट और एयर फोर्स के अधिकारियों से बात कर रहे हैं, ताकि जल्द सब कुछ सामान्य हो सके।

फ्लाइट डायवर्जन की वजह से यात्री परेशान

रनवे बंद होने की वजह से कई फ्लाइट्स को अचानक दूसरे शहरों में भेजना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। पुणे आने वाली करीब 8 फ्लाइट्स को सूरत, गोवा, नवी मुंबई, चेन्नई और कोयंबटूर भेज दिया गया। कुछ फ्लाइट्स रद्द भी करनी पड़ीं, जैसे चेन्नई से आने वाली IndiGo 6E607, दिल्ली से 6E5322 और बेंगलुरु से Akasa Air QP1311। वहीं, पुणे से जाने वाली IndiGo 6E391 (बेंगलुरु), 6E956 (वडोदरा) और 6E2375 (दिल्ली) भी रद्द हो गईं। इन सब कारणों से यात्रियों को देरी और प्लान बदलने की परेशानी झेलनी पड़ी।

9 घंटे बाद फ्लाइट्स फिर से शुरू

लगभग 9 घंटे बाद पुणे एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स दोबारा चलने लगीं। मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि मरम्मत का काम तेजी से किया गया और सबसे ज्यादा ध्यान सुरक्षा पर रखा गया। सुबह 7:30 बजे से फ्लाइट्स ने उड़ान भरना शुरू किया और 8 बजे के बाद आने वाली फ्लाइट्स की लैंडिंग भी शुरू की गई। धीरे-धीरे पूरे दिन में हालात सामान्य होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *