Rohit sharma return on Net Practice: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले अपनी तैयारी शुरू कर दी है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से घरेलू मैदान पर होनी है। रोहित के इस ट्रेनिंग सेशन की झलक उनकी मीडिया टीम ‘Team Ro’ ने सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें वह अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
‘Team Ro’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो के कैप्शन में सिर्फ ‘Finesse’ लिखा गया। रोहित की इस तैयारी ने एक बार फिर उनके भविष्य और खास तौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं?
39 साल के रोहित शर्मा को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठ रहे हैं कि क्या वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम का हिस्सा रह पाएंगे। इंग्लैंड दौरे के दौरान भी ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो सकता है। रोहित पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में रोहित ने शानदार 138 रन की पारी खेलकर इन अटकलों को गलत साबित किया। उन्होंने 110 गेंदों में 17 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 138 रन बनाए। भारत ने 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुकाबला 27 रन से गंवा दिया, लेकिन रोहित की पारी ने उनके फॉर्म और फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों में कुल 175 रन बनाए। उनका औसत 58.33 और स्ट्राइक रेट 98.31 रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी लगाया।
BCCI सचिव ने किया रोहित का समर्थन
मुंबई में गुरुवार को हुई BCCI की समीक्षा बैठक के बाद बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने भी रोहित शर्मा का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रोहित लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके संन्यास को लेकर अटकलें लगाने की जरूरत नहीं है।
सैकिया ने कहा, ‘वह सभी मैचों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, तो आप और क्या चाहते हैं? उन्होंने पिछले मैच में 138 रन बनाए हैं, तो फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? फिलहाल, मैं अटकलें लगाने वालों को कोई और मौका नहीं देना चाहता।’
इस साल वनडे में रोहित ने 9 पारियों में 379 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.11 और स्ट्राइक रेट 99 से अधिक रहा है। उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 138 रन है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज रोहित के लिए 2027 वर्ल्ड कप की दावेदारी को और मजबूत करने का एक अहम मौका हो सकती है।


| Rohit Sharma on ODI World Cup 2027
BCCI |