रेवाड़ी में बावल के वाल्मीकि मोहल्ले में 10 मार्च की रात बनवारे पर हुए हमले में नया मोड़ आ गया है। शुक्रवार को दूसरा पक्ष एसपी से मिलने रेवाड़ी पहुंचा। जिन्होंने राकेश के परिवार पर पुलिस को गुमराह कर पूरी प्लानिंग के तहत हमला करने का आरोप लगाया। झगड़े की खुद सूचना देने के बावजूद पुलिस पर भी अपनी सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सुनियोजित थी हमले की साजिश प्रदीप कुमार, हीरा सिंह और सुनीता ने कहा कि 9 मार्च को उनके घर पर लड़की की शादी थी। 10 की रात ट्रेन से उनके रिश्तेदारों को बठिंडा जाना था। जिसके लिए परिवार के कुछ लोग घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान राकेश का परिवार लाठी-डंडों के साथ बनवारा लेकर उनके दरवाजे के सामने पहुंचा। उन्होंने डीजे उनके घर से थोड़ा आगे ले जाने की बात कही। इसी दौरान बनवारे में शामिल लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। जिसमें उनके परिवार के कई लोग घायल हो गए। हमने ही सूचना देकर पुलिस को बुलाया। इसके बावजूद पुलिस ने हमारा पक्ष जाने बिना ही परिवा और रिश्तेदारों पर लाठीचार्ज किया। जबकि हमले की पूरी प्लानिंग राकेश के परिवार की थी। घर के सामने किए गंदे इशारे शिकायत में बताया कि जैसे ही बनवारा पर उनके घर के सामने गाने पर गंदे इशारे करने शुरू कर दिए। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए डीजे आगे ले जाने की बात कही तो उन्होंने परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों पर राकेश, संतलाल उर्फ सौदागर, महेश उर्फ लल्लन, राजेश, गजराज इत्यादि ने हमला कर दिया। जिसमें नीलम, जवाहर लाल, सोमा देवी सहित कई लोग घायल हो गए। दो पुलिस कर्मियों पर लगाए आरोप एसपी को दी शिकायत में पुलिस कर्मचारी अनिल व कर्ण सिंह पर दूसरे पक्ष के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन दोनों कर्मचारियों ने एसएचओ के मना करने के बावजूद गंदी-गंदी गालियां दी और पूरी रात टॉचर्र किया। अस्पताल में भी इन दोनों ने किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और न्याय दिलवाने की मांग की। बनवारे पर हमले का लगाया आरोप बावल के वाल्मीकि मोहल्ला में 10 मार्च की रात भाजपा नेता पुष्प कुमार के भतीजे अंकित का बनवारा निकला था। दूल्हे के पिता राकेश और चाचा पुष्प कुमार ने अपने गौत्र की लड़की से विवाह करने के विरोध में प्रेम कुमार और जगदीश पर साजिश के तहत बनवारे के दौरान ईंट-पत्थर और लाठी, डंडों से हमला करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद मौके पर पहुंची दो थानों की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस सुरक्षा में बनवारी और घुड़चढ़ी करवाई। अब दूसरे पक्ष ने अपने पर लगे आरोपों को झूठा बताते हुए राकेश और पुष्प कुमार पर ही साजिश के तहत हमला करने के आरोप लगाए हैं। डीएसपी बावल करेंगे जांच डीएसपी हैडक्वाटर रविंद्र कुमार ने पीड़ितों की शिकायत सुनने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिकायत डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण को भेजकर मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है। अब डीएसपी की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ।


