कुलदीप की शादी के लिए मसूरी रवाना हुए रिश्तेदार:12 मार्च को मंडप की रस्म, बचपन की दोस्त वंशिका बनेंगी हमसफर

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। कुलदीप अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। शादी की रस्में देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में शुरू हो चुकी हैं। मसूरी में 12 मार्च को उनका मंडप सजेगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं कानपुर स्थित कुलदीप के घर में उत्सव जैसा माहौल है। घर को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और आकर्षक फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। रिश्तेदारों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिससे पूरे परिवार में खुशी और रौनक बढ़ गई है। पहाड़ों के बीच 14 मार्च को लेंगे सात फेरे
कुलदीप और वंशिका की शादी का मुख्य समारोह 14 मार्च को मसूरी के एक आलीशान होटल में होगा। कुलदीप के चचेरे भाई मयंक यादव ने बताया कि कार्यक्रम को बेहद निजी रखा गया है। 12 मार्च को मंडप की रस्म होगी, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और खास रिश्तेदार ही शामिल होंगे। इसके लिए कई लोग पहले ही मसूरी पहुंच चुके हैं। हाई-प्रोफाइल शादी को देखते हुए सुरक्षा और निजता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 17 मार्च को लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन
शादी भले ही पहाड़ों के बीच सादगी से हो रही हो, लेकिन जश्न भव्य होगा। 17 मार्च को लखनऊ के Hotel Centrum में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी रखी गई है। इस समारोह में खेल जगत की कई हस्तियों के साथ बड़े राजनेताओं और सेलिब्रिटीज के पहुंचने की संभावना है। राजधानी में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पड़ोसियों में भी उत्साह
कुलदीप की शादी को लेकर उनके मोहल्ले और कानपुर के लोगों में भी खास उत्साह है। पड़ोस में रहने वाली ललिता ने बताया कि उन्हें भी शादी का निमंत्रण मिला है और वह इस समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी जाएंगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुलदीप ने दुनिया भर में कानपुर का नाम रोशन किया है और अब उनके जीवन के इस बड़े पड़ाव पर शहर के लोग भी बेहद खुश हैं। मसूरी का कार्यक्रम रहेगा निजी
कुलदीप के चचेरे भाई मयंक का कहना है कि कार्यक्रम भले ही बड़ा है, लेकिन मसूरी में केवल खास मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। मंडप से लेकर सात फेरों तक सभी रस्में पारंपरिक तरीके से संपन्न होंगी। फिलहाल कुलदीप शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं और परिवार के सदस्य हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का खुद ध्यान रख रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *