हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार अगले कई दिनों तक प्रदेश में लू और तेज गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। प्रदेश में शुक्रवार को रोहतक सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में पारा 45.1 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। यहां रहा लू का ज्यादा असर वैसे तो शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लू चली, मगर इसका ज्यादा असर सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी में रहा। इन जिलों में दिनभर लू के थपेड़े लोगों को लगते रहे। 28 को बूंदाबांदी के आसार मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 23 से 27 मई तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आज इन जिलों में चलेंगी ज्यादा लू मौसम विभाग के अनुसार, आज 23 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, मेवात, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत अधिकांश जिलों में हीटवेव का असर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। 26-27 को चलेंगी सीवियर हीटवेव मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं 24, 25 और 28 मई को भी कई स्थानों पर लू चलने की आशंका है।


