जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) में गुरुवार को बीए एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर की हिंदी लैंग्वेज परीक्षा के दौरान छात्रों ने सिलेबस से बाहर के सवाल पूछे जाने का आरोप लगाया। नाराज छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार किया और एनएसयूआई के समर्थन से कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा के निवास के बाहर धरना दिया। सूचना मिलते ही कुलसचिव और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पर्यवेक्षकों से संतोषजनक जवाब नहीं मिला यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में प्रश्नपत्र मिलने के बाद छात्र सवालों को देखकर असमंजस में पड़ गए। उन्होंने पर्यवेक्षकों से इस संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कई छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। इसके बाद छात्र एकत्र होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलगुरु निवास पहुंच गए। सिलेबस के अनुसार तैयारी करने की बात छात्रों ने प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उन्होंने निर्धारित सिलेबस के अनुसार तैयारी की थी, लेकिन परीक्षा में अलग विषयवस्तु से सवाल पूछे गए। छात्रों ने कहा कि इससे उनके परीक्षा परिणाम और भविष्य पर असर पड़ सकता है। छात्रों ने मामले की जांच कराने और विद्यार्थियों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की। उनका आरोप था कि बिना उचित जांच-परख के प्रश्नपत्र तैयार किया गया। चार घंटे से बैठे छात्र: एनएसयूआई एनएसयूआई आरडीवीवी प्रभारी अंचलनाथ ने कहा, “छात्र दिन-रात पढ़ाई करके परीक्षा देने आते हैं, लेकिन उनके सामने सिलेबस से बाहर का प्रश्नपत्र रख दिया जाता है। छात्र चार घंटे से कुलगुरु निवास के बाहर बैठे हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करने को तैयार नहीं है।” जांच के बाद नियमानुसार होगा निर्णय परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुनील दुबे ने बताया कि छात्रों की ओर से प्रश्नपत्र में सिलेबस से बाहर के सवाल पूछे जाने की जानकारी दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

