Madhya Pradesh vs Bihar, Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड के एलीट और प्लेट ग्रुप मुकाबले सोमवार 26 अक्टूबर से खेले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश और बिहार के बीच मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां एमपी की टीम ने बिहार की पहली पारी को ताश के पत्तों की तरह महज 99 रन के स्कोर पर ही ढेर कर दिया है। मध्य प्रदेश की ओर से सारांश जैन ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अकेले ही 7 विकेट चटका डाले हैं। इतना ही नहीं इस मैच में उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। जबकि आवेश खान ने दो और कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट लिया है।
आवेश खान ने पहले ही ओवर में बिहार को दिए दो झटके
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम पहली पारी की शुरुआत बेहद ही खराब रही। आवेश खान ने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज नमन गौरव (0) और तीसरे नंबर पर उतरे श्रमण निगरोध (0) को महज एक रन के स्कोर पर पवेलियन भेजकर दो बड़े झटके लिए। इसके बाद बिहार को तीसरा झटका 18 के स्कोर पर आयुष लोहारुखा के रूप में लगा। वह सिर्फ एक रन बनाकर सारांश जैन का पहला शिकार बने।
फिर 37 के स्कोर पर बिहार ने चौथा विकेट भी सकीबुल गनी के रूप में गंवा दिया। गनी दो रन बनाकर सारांश का दूसरा शिकार बने। सारांश ने इसी ओवर में आकाश राज को शून्य के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजकर बिहार को पांचवां झटका दिया। इस तरह महज 37 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई।
सारांश जैन ने 13 ओवर में 40 रन देकर चटकाए 7 विकेट
टीम का स्कोर 55 रन पर ही पहुंचा था कि सारांश ने रघुवेंद्र प्रताप सिंह (8) को आउट कर अपना चार विकेट हॉल पूरा किया और इसी ओवर में आदित्य राज को आउट करते हुए पंजा खोला। इस तरह बिहार के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गए और पूरी टीम महज 99 रन पर सिमट गई। बिहार की ओर से मंगल महरोर ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, तो सूरज कश्यप ने 15 रन बनाए।
इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज सिंगल डिजिट को पार नहीं कर सका। मध्य प्रदेश की ओर से सारांश जैन ने अपने 13 ओवर के स्पेल में 40 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए। वहीं, आवेश खान ने 4 ओवर में 13 रन देकर दो विकेट और कुमार कार्तिकेय ने 11.3 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट लिया।




