Ram Mandir का मुख्य निर्माण पूरा, International Ramkatha Museum के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर

Ram Mandir का मुख्य निर्माण पूरा, International Ramkatha Museum के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर

राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने मंगलवार को कहा कि राम जन्मभूमि परिसर में राम मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो गया है और अब समिति का मुख्य ध्यान इंटरनेशनल रामकथा म्यूज़ियम बनाने पर है। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर जारी किए जाएंगे। पत्रकारों से बात करते हुए नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि आज म्यूज़ियम के बारे में भी चर्चा होगी। म्यूज़ियम का सबसे बड़ा काम अब शुरू होने वाला है। हर गैलरी के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर जारी किए जाएंगे। कुल 20 गैलरी हैं – गैलरी 1, गैलरी 2, वगैरह। उन्होंने आगे कहा कि हर गैलरी की थीम अलग-अलग है और इसे पहले ही तय किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हर गैलरी के लिए थीम तय कर ली गई है और कहानी भी फाइनल हो गई है। हमारे डायरेक्टर संजीव कुमार सिंह ने पूरी कहानी तैयार करने के लिए बहुत मेहनत की है। मिश्रा ने कहा कि अब इमर्सिव टेक्नोलॉजी, 3D टेक्नोलॉजी और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल करके वीडियो बनाए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: NSE Co-Location Scam में Chitra Ramkrishna को Supreme Court से झटका

उन्होंने कहा कि अंतिम भुगतान प्रक्रिया के तहत हर कंपनी को मंदिर के निर्माण कार्य के संबंध बैंक गारंटी देनी होगी ताकि यह सुनिश्चत हो सके कि आने वाले वर्षों में उनके काम की गुणवत्ता बनी रहेगी। मिश्रा ने कहा कि बैठकों के दौरान बैंक गारंटी से संबंधित कटौती के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अंतिम बिल का प्रस्तावित तृतीय-पक्ष ऑडिट भी एक अन्य प्रमुख मुद्दा था। मिश्रा ने कहा कि टाटा पहले से ही परियोजना प्रबंधन परामर्श में शामिल था लेकिन ट्रस्ट ने अतिरिक्त ऑडिट के लिए इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड को शामिल करने का भी फैसला किया था। उन्होंने कहा कि इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड को अंतिम बिल का कम से कम 60 से 70 प्रतिशत ऑडिट करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा इसका चयन कंपनियों के संबंधित ऑर्डर और लागू प्रतिशत गुणांकों के आधार पर किया जाएगा। मिश्रा ने कहा कि मंदिर का निर्माण पूरा होने के साथ अब ध्यान अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय और अन्य संबंधित कार्यों पर है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के अंदर एक सभागार और परिसर के बाहर एक अन्य सुविधा निर्माणाधीन है जिसके काम में लगभग तीन से चार महीने की देरी हुई। 

इसे भी पढ़ें: DK Shivakumar बोले जनता डरे तो Democracy तानाशाही बन जाती है

मिश्रा ने कहा हमें उम्मीद है कि जनवरी-फरवरी तक काम जरूर पूरा हो जाएगा।’’ मिश्रा मंदिर परिसर और संबंधित परियोजनाओं की तीन दिवसीय समीक्षा के लिए रविवार को अयोध्या पहुंचे। पहले दिन उन्होंने एक स्मारक स्तंभ का निरीक्षण किया जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा उन्होंने निर्माण एवं अन्य संबंधित परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों, ठेकेदारों और प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करने से पहले पुराने अस्थायी मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सोमवार को मंदिर परिसर के अंदर निर्धारित निर्माण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों, ठेकेदारों एवं मंदिर प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *