Raksha Bandhan 2026 के लिए घर पर बनाएं कलावा और धागे से राखी, जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

Raksha Bandhan 2026 के लिए घर पर बनाएं कलावा और धागे से राखी, जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

How To Make Rakhi At Home: रक्षाबंधन पास आने की वजह से बाजार में अभी से रंग-बिरंगी तरह-तरह के डिजाइन में राखियां मिल रही हैं। ऐसे में अगर आप इस साल बाजार से खरीदने के बजाय अपने हाथों से बनाई हुई राखी भाई को बांधना चाहती हैं, तो यहां बताए गए तरीके से राखी घर पर बना सकती हैं। इसके लिए महंगा सामान खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में रखे कलावे या रंगीन धागों से आप कम समय में प्यारी-सी राखी तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं कलावे और धागे से राखी बनाने का आसान तरीका।

कलावे से राखी बनाने का तरीका

जरूरी सामग्री

  • कलावा (मौली)
  • सजावट के लिए मोती, स्टोन या कुंदन
  • सुई और धागा
  • कैंची
  • टेप

राखी बनाने का तरीका

सबसे पहले कलावे को देखें कि वह कितना मोटा है। अगर कलावा पतला है, तो उसकी एक डोरी को तीन बार लेकर एक साथ कर लें, ताकि राखी थोड़ी मोटी और अच्छी लगे। अगर कलावा पहले से मोटा है, तो उसे एक ही बार इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी तरह तीन डोरियां तैयार कर लें और ऊपर के सिरे को एक गांठ लगाकर टेप से किसी जगह पर चिपका दें, ताकि चोटी बनाते समय धागे इधर-उधर न हों। अब तीनों डोरियों की साधारण चोटी बनाते जाएं। चोटी को बहुत ज्यादा कसकर न गूंथें, बस सामान्य तरीके से गूंथना है। चोटी पूरी हो जाने के बाद नीचे की तरफ भी गांठ लगा दें। अब इस पूरी चोटी को धीरे-धीरे गोल घुमाते हुए राखी का आकार दें। जहां-जहां चोटी मुड़ रही है, वहां सुई और धागे की मदद से उसे जोड़ते जाएं, ताकि गोल आकार बना रहे और राखी खुले नहीं।

जब राखी का गोल हिस्सा तैयार हो जाए, तो उसके बीच में अपनी पसंद का एक बड़ा मोती, कुंदन या स्टोन लगा सकते हैं। इसे सुई-धागे से अच्छी तरह सिल दें, ताकि पहनते समय निकलने का डर न रहे। इसके बाद राखी के दोनों तरफ कलावे की डोरी रखें और जरूरत के हिसाब से उसकी लंबाई तय कर लें। चाहें तो डोरी में छोटे मोती भी लगा सकते हैं। आखिर में अतिरिक्त धागा काटकर दोनों सिरों पर गांठ लगा दें।

धागे से राखी बनाने का तरीका

जरूरी सामग्री

  • रेशम का रंगीन धागा
  • मोती या स्टोन
  • कैंची
  • सुई और धागा
  • फेविकोल या क्राफ्ट ग्लू

राखी बनाने का तरीका

धागे से राखी बनाने के लिए सबसे पहले कोई भी पसंदीदा रंग का रेशमी या सूती धागा लें। धागे को अपनी दो उंगलियों पर एक ही दिशा में करीब 10 से 15 बार लपेटें। अगर आपको राखी थोड़ी मोटी चाहिए, तो धागे के कुछ और चक्कर लगा सकते हैं। अब धागे को सावधानी से उंगलियों से निकालें और उसके ठीक बीच में एक छोटे धागे से अच्छी तरह गांठ बांध दें। गांठ इतनी मजबूत होनी चाहिए कि धागे खुलें नहीं।

अब दोनों तरफ बने धागों के लूप को कैंची से काट दें। कटे हुए धागों को हाथ से चारों तरफ फैला दें और उन्हें हल्का-सा व्यवस्थित करके गोल फूल या पॉम-पॉम जैसा आकार दें। अगर कहीं धागे ज्यादा लंबे या असमान दिखाई दें, तो कैंची से उन्हें बराबर कर लें। इसके बाद फूल के बीच में थोड़ा सा फेविकोल या क्राफ्ट ग्लू लगाकर एक सुंदर मोती या स्टोन चिपका दें। मोती को कुछ देर सूखने दें, ताकि वह अच्छी तरह चिपक जाए। अब राखी की डोरी तैयार करने के लिए कुछ लंबे धागे लें और उन्हें आपस में गूंथकर साधारण चोटी बना लें। डोरी इतनी लंबी रखें कि भाई की कलाई पर आसानी से बांधी जा सके।

अंत में तैयार किए गए धागे के फूल को इस डोरी के बीच में रखें और पीछे की तरफ से सुई-धागे या मजबूत ग्लू की मदद से अच्छी तरह जोड़ दें। जोड़ को एक-दो बार मजबूत कर लें, ताकि राखी पहनते समय फूल अलग न हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *