जिंदा जल गया राजस्थान का ट्रक ड्राइवर, जयपुर-आगरा हाइवे पर रूह कंपा देने वाला हादसा, फट गया था डीजल से भरा टैंक

जिंदा जल गया राजस्थान का ट्रक ड्राइवर, जयपुर-आगरा हाइवे पर रूह कंपा देने वाला हादसा, फट गया था डीजल से भरा टैंक

भरतपुर: जयपुर-आगरा नेशनल हाइवे पर सोमवार आधी रात को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में स्थित सारस चौराहे के पास कोयले से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया।

बता दें कि पलटने के बाद ट्रेलर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे टैंक फट गया और डीजल फैलने के कारण केबिन में भीषण आग लग गई। इस आग में ड्राइवर विरदी चंद गुर्जर (30) को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह केबिन में फंसकर जिंदा जल गया।

100 मीटर तक घिसटता रहा ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। ट्रेलर जयपुर से आगरा की ओर जा रहा था। सारस मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। घर्षण और डीजल फैलने की वजह से चंद सेकंड में ही ट्रेलर ने आग पकड़ ली।

स्थानीय निवासी मोनू जौहरी और लक्ष्य सिंघल ने बताया कि ट्रेलर पलटने के बाद काफी दूर तक घिसटा। जैसे ही वह रुका, केबिन लपटों से घिर गया। राहगीरों और पुलिस ने ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

पैर फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सका विरदी चंद

हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि ड्राइवर विरदी चंद ने अंत समय तक बाहर निकलने का संघर्ष किया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर पलटने के कारण उसका पैर केबिन में ही फंस गया था। वह मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आग की भीषण लपटों के बीच उसे बचाना नामुमकिन हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया (करीब 30 मिनट बाद), तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी।

अजमेर का रहने वाला था मृतक

पुलिस ने मृतक की पहचान विरदी चंद गुर्जर (30) के रूप में की है, जो अजमेर जिले के रूपनगढ़ थाना अंतर्गत करड़ाला का निवासी था। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ पंकज यादव और एडिशनल एसपी गणपत महावर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने शव को मलबे से निकालकर आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। हादसे के कारण हाइवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से ट्रेलर हटवाकर सुचारू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *