Rajasthan: फ्रांस से आए पर्यटक की आंत फटने से मौत, पेट दर्द होने पर जेएलएन अस्पताल में किया गया था भर्ती

Rajasthan: फ्रांस से आए पर्यटक की आंत फटने से मौत, पेट दर्द होने पर जेएलएन अस्पताल में किया गया था भर्ती

अजमेर। पुष्कर में फ्रांस से आए एक पर्यटक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय जोस बोना के रूप में हुई है, जो 15 अप्रैल को पुष्कर घूमने पहुंचे थे और एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। जानकारी के अनुसार, उन्हें पहले से हर्निया की समस्या थी और 25 अप्रैल को अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत होने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई।

होटल स्टाफ ने तुरंत उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन संतोषजनक उपचार नहीं मिलने पर उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां जांच के दौरान सोनोग्राफी से पता चला कि उनकी बड़ी आंत फट चुकी है।

इलाज के दौरान हुई मौत

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने 26 अप्रैल को उनका ऑपरेशन किया। हालांकि सर्जरी के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और 27-28 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

फ्रांस दूतावास को दी गई सूचना

पुलिस के अनुसार, पर्यटक का शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की सूचना संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है। सीआईडी के माध्यम से फ्रांस दूतावास और विदेश मंत्रालय को भी इस घटना की जानकारी भेजी जा रही है, ताकि आगे की कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

पहले भी भारत आ चुका था फ्रांसीसी नागरिक

पुष्कर थाना पुलिस का कहना है कि मृतक इससे पहले भी दो-तीन बार भारत आ चुका था और पुष्कर उसका पसंदीदा पर्यटन स्थल रहा है। इस बार वह 27 मार्च को भारत पहुंचा था और कुछ समय बाद पुष्कर आया। जिस होटल में वह ठहरा था, उसके संचालक भी उसके परिचित बताए जा रहे हैं।

मरीज को पहले ही दी गई थी जानकारी

होटल प्रबंधन के अनुसार, मरीज की स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन से पहले उसे संभावित जोखिमों की जानकारी दे दी गई थी। साथ ही उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *