Rajasthan Governor Haribhau Bagade ने नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर

Rajasthan Governor Haribhau Bagade ने नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बृहस्पतिवार को कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता है बल्कि जीवन को नाश की ओर ले जाता है इसलिए इससे बचने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। राज्यपाल यहां श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस और नशामुक्त भारत अभियान में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन की बधाई देते हुए नशामुक्त समाज के लिए सभी को मिलकर काम करने पर जोर दिया।

उन्होंने पानी की बचत के लिए उसे सहेजने पर भी जोर दिया। आधिकारिक बयान के अनुसार राज्यपाल ने कहा कि सभी मिलकर प्रयास करें कि प्राथमिक शिक्षा के आधार को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा ,‘‘एक बड़ा लक्ष्य हम सभी का यह होना चाहिए कि नशामुक्ति और टीबी मुक्त कार्यक्रम में जन जन की भागीदारी तय हो।’’
राज्यपाल ने दावा किया कि देश में सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी को विश्व के 37 देशों ने राष्ट्र का सर्वोत्तम पुरस्कार प्रदान किया है जो सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से देश के बारे में, समाज के बारे में विचार करते हुए राष्ट्र का माहौल अच्छा रखने का आह्वान किया। राज्यपाल ने इससे पहले विश्वविद्यालय के कृषि मौसम पोर्टल की शुरुआत की।

उन्होंने वहां नवनिर्मित विश्वविद्यालय सभागार का भी लोकार्पण किया और कृषि से सम्बद्ध पुस्तकों, स्मारिका का भी विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *