कोटा। राजस्थान में कोटा-बारां फोरलेन पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक बारां में आयोजित डोल मेले से बाइक पर सवार होकर कोटा लौट रहे थे। कैथून थाना क्षेत्र के डायरा के पास हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैथून थाना सीआई मनोज सिकरवार के अनुसार, हादसा रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। दोनों युवक बाइक से बारां के डोल मेले से कोटा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान डायरा के पास उनकी बाइक की किसी दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि सन्नी उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
अनंतपुरा के रहने वाले थे
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सन्नी उर्फ सोनू (30) निवासी घोड़ा बस्ती, थाना जवाहर नगर और सुनील (24) निवासी बरड़ा बस्ती, थाना अनंतपुरा के रूप में हुई है। दोनों बारां के डोल मेले से लौट रहे थे। देर रात हुए हादसे में दो युवकों की मौत की सूचना से दो घरों में कोहराम मच गया।
परिजनों को सौंपे शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई की। दोनों युवकों के शवों को अलग-अलग अस्पतालों की मोर्चरी में रखवाया गया। सन्नी उर्फ सोनू का शव न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखवाया गया, जबकि सुनील का शव एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

