Rajasthan: मेवाड़ की ऐतिहासिक लोकनाट्य ‘गवरी’ का अपमान करने वाला ब्लॉगर गिरफ्तार, जानें क्या बोला था

Rajasthan: मेवाड़ की ऐतिहासिक लोकनाट्य ‘गवरी’ का अपमान करने वाला ब्लॉगर गिरफ्तार, जानें क्या बोला था

Gavri Dance Controversy: गोगुंदा (उदयपुर): मेवाड़ की प्रसिद्ध लोकनाट्य परंपरा गवरी और आदिवासी समाज को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले 25 वर्षीय ब्लॉगर को गोगुंदा थाना पुलिस ने हरियाणा के जींद जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पिंकु पुत्र राजकुमार, निवासी मुहाना थाना क्षेत्र, सफीदों जिला जींद, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस मामले में 28 सितंबर को भाट, गोगुंदा निवासी चेनाराम गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह मेवाड़ की ऐतिहासिक लोकनाट्य परंपरा गवरी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 23 सितंबर को चाटियाखेड़ी से गवरी खेलकर गोगुंदा बाईपास लौटते समय काले रंग की थार में सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।

गवरी के पात्रों और परंपराओं पर की टिप्पणी

शिकायत के अनुसार बातचीत के दौरान आरोपी ने गवरी में होने वाले पारंपरिक महिला श्रृंगार और रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाया। चेनाराम ने उसे बताया कि ये आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा का हिस्सा हैं। आरोप है कि इसके बावजूद युवक ने गवरी माता और आदिवासी समाज को लेकर अभद्र तथा जातिसूचक टिप्पणी की। इसी दौरान उसने बातचीत का वीडियो भी बना लिया।

बाद में आरोपी ने कथित तौर पर इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आदिवासी समाज में विरोध शुरू हुआ और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी।

वीडियो में गवरी में पुरुषों के महिला रूप धारण करने पर उठाए सवाल

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवक गवरी में पुरुषों के महिला पात्रों का रूप धारण करने पर सवाल उठाता नजर आया। उसने कहा कि गवरी में पुरुष पैरों में घुंघरू, कानों में कुंडल और लिपस्टिक क्यों लगाते हैं। वीडियो में उसने इसे लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। इसके अलावा गवरी में माता शिव और पार्वती के स्वरूप को लेकर भी सवाल उठाए गए।

विरोध बढ़ने के बाद आरोपी ने अगले दिन एक अन्य वीडियो जारी कर माफी मांगने की बात भी सामने आई। हालांकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच जारी रखी।

साइबर सेल की मदद से हरियाणा पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी और अन्य तकनीकी जानकारी खंगाली। मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस टीम हरियाणा के जींद जिले पहुंची और मुहाना थाना क्षेत्र से आरोपी को डिटेन किया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और गिर्वा वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई महेंद्र सिंह, एएसआई कालू लाल और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह की भी विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *