जयपुर, दो अक्टूबर राजस्थान के राज्यपाल के हरिभाऊ बागडे व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने राम धुन की प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने एक्स पर लिखा, ‘‘गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की राह दिखाता है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनकल्याण और राष्ट्रहित के संकल्प को निरंतर मजबूत करते रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।’’
शर्मा ने सचिवालय में भी महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सचिवालय परिसर में आयोजित राम धुन कार्यक्रम में ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजन सुने।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा भी मौजूद थे।

