Rajasthan : कुचामन में कोचिंग शिक्षक ने छात्र को मारे थप्पड़, फिर जूता उतारकर बेरहमी से पीटा, रिपोर्ट दर्ज

Rajasthan : कुचामन में कोचिंग शिक्षक ने छात्र को मारे थप्पड़, फिर जूता उतारकर बेरहमी से पीटा, रिपोर्ट दर्ज

Rajasthan : कुचामनसिटी. डीडवाना रोड स्थित एक मशहूर कोचिंग संस्थान में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का करीब चार मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में शिक्षक, छात्र को लगातार थप्पड़ मारते और फिर जूता उतारकर उससे पिटाई करते दिखाई दे रहा है। हालांकि पत्रिका इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। परिजनों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्र गोविन्द पुत्र हनुमानराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि वह दस अक्टूबर को रोजाना की तरह पढ़ाई के लिए कोचिंग सेंटर गया था। इस दौरान शिक्षक श्योपाल दुधवाल ने कक्षा में उसके साथ मारपीट की। छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीटा और बेवजह अपमानित किया।

मारने की धमकी का आरोप

छात्र ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि पिटाई करने से उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। शिक्षक ने दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। कोचिंग संस्थान में छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर की जाने वाली कथित हिंसा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव ने बताया कि छात्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *