बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी राज कुमार शुक्ल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बिहार विधान परिषद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 1917 के चंपारण सत्याग्रह के पीछे की प्रमुख प्रेरक शक्तियों में से एक माने जाने वाले शुक्ल को याद किया गया। चौधरी ने कहा, ‘‘राज कुमार शुक्ल के अथक प्रयासों के कारण मोहनदास करमचंद गांधी बिहार के चंपारण में आए और किसानों को अंग्रेजों के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक सत्याग्रह का नेतृत्व किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चंपारण सत्याग्रह ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को चंपारण सत्याग्रह में राज कुमार शुक्ल के योगदान से अवगत कराया जाएगा।
इस अवसर पर चौधरी ने स्मारिका ‘शुक्ल शौर्य’ का विमोचन किया। उन्होंने कला एवं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गायिका कल्पना पटवारी को पंडित राज कुमार शुक्ल कला शिखर पुरस्कार प्रदान किया।

