Raipur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 19 सितंबर को रायपुर में कहा कि आजकल कैंसर एक आम बीमारी बन गई है और कैंसर का नाम सुनते ही मरीज़ निराश हो जाते हैं। ऐसे में, बीएमसी की ओर से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव 2026 आयोजित किया जा रहा है। इस कॉन्क्लेव के लिए 200 विशेषज्ञ जुटे हैं और अगले तीन दिनों तक इस पर विस्तार से चर्चा होगी।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैंसर के मुद्दे को गंभीरता से लिया है और इसकी रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सीएम ने विश्वास जताते हुए कहा कि कैंसर जैसी बीमारी की रोकथाम के लिए इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव से कारगर उपाय निकलकर सामने आएंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री साय ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया। कैंसर के इलाज में संतुलन बनाना (RestoringBalancetoCancerCare) थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इस वर्ष स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर की प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश से आए विशेषज्ञ चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे।

