Ahmedabad news: गुजरात के कई हिस्सों में बदले मौसम के मिजाज के चलते गुरुवार को कच्छ व द्वारका जिले में विविध जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। कच्छ जिले के भुज, मिरजापर, सुखपर और मानकुवा में आंधी के साथ बरसात हई। इस दौरान मतिया देव की पदयात्रा में निकले श्रद्धालु भीग गए। वहीं जामनगर जिले के लालपुर में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई, जिससे मार्केट यार्ड में खुले में रखा अनाज भीग गया।मौसम के इस बदलाव को लेकर किसानों में भी चिंता देखी गई। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान का डर जताया जा रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। साथ ही उत्तर गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा, पाटण और दाहोद, वडोदरा, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, द्वारका, गिर सोमनाथ और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना है। अहमदाबाद में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।


