Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का महाराष्ट्र पर भी असर! IMD ने बताया 28 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का महाराष्ट्र पर भी असर! IMD ने बताया 28 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

IMD Weather Forecast: महाराष्ट्र में एक बार फिर बारिश की संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इस मौसम प्रणाली की तीव्रता बढ़ने पर इसके चक्रवात में बदलने की आशंका जताई जा रही है। मौसम में इस संभावित बदलाव के चलते अक्टूबर के आखिरी 4-5 दिनों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। खासकर विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश बड़ी राहत बनकर बरस सकता है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र ने 28 अक्टूबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 24 से 26 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। वहीं, 27 और 28 अक्टूबर को इन जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कोंकण के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 24, 25 और 26 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर गर्म और उमस भरी परिस्थितियां रह सकती हैं। विभाग ने तीन दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके बाद 27 और 28 अक्टूबर को इन चारों जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

कोंकण के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर को रत्नागिरी में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सिंधुदुर्ग जिले में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा, कोल्हापुर और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी 24 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। इन क्षेत्रों में 25 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पुणे, नासिक और नागपुर में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, पुणे, पुणे घाट क्षेत्र, नासिक, नासिक घाट क्षेत्र, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले, नंदुरबार, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, सांगली और सोलापुर समेत कई जिलों में 24 से 28 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

वहीं, विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में इस अवधि के दौरान मौसम विभाग ने किसी विशेष चेतावनी का संकेत नहीं दिया है।

हिंगोली और नांदेड़ में 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *