Rahul Gandhi 2029 में INDIA गठबंधन का नेतृत्व करेंगे, KC Venugopal का दावा

Rahul Gandhi 2029 में INDIA गठबंधन का नेतृत्व करेंगे, KC Venugopal का दावा

त्रिशूर (केरल), छह सितंबर कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का नेतृत्व करेंगे। वेणुगोपाल ने उन खबरों का खंडन किया कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने अपने नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया है। वेणुगोपाल पत्रकारों के उन सवालों का जवाब दे रहे थे, जिनमें अगले लोकसभा चुनावों के लिए विजय को प्रधानमंत्री पद के तौर पर पेश किए जाने की बात कही गई।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि टीवीके ने ऐसी कोई मांग नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी को भी इस तरह का भ्रम पैदा नहीं करना चाहिए। राहुल गांधी ‘इंडिया’ गठबंधन का चेहरा होंगे।’’
उन्होंने कहा कि छात्रों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी की राजनीतिक मुहिम को देशभर में व्यापक स्तर पर समर्थन मिला है।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘आज भारत में जिस लड़ाई की अगुवाई वह कर रहे हैं, उसी की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है—चाहे वह छात्रों, किसानों या युवाओं के लिए हो। सभी ने इसे स्वीकार किया है।’’
क्या गांधी 2029 के चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करेंगे, इस सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से। राहुल गांधी आज भारत के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं।

हर कोई राहुल गांधी के फैसलों और उनके कार्यों को बहुत ध्यान से देख रहा है।’’
उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में गठबंधन के घटक दलों के बीच मतभेद होने के बावजूद ‘इंडिया’ गठबंधन मजबूत बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन आगे बढ़ रहा है। कुछ राज्यों में ऐसे मुद्दे हैं, जहां वे एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन आगे बढ़ रहा है। यही सच्चाई है।’’
इंडिया गठबंधन के घटक माकपा का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि केरलम में पार्टी अपनी पिछली गलतियों से कोई सीख नहीं ले रही है। उन्होंने कहा, ‘‘माकपा अपनी गलतियों से कोई सबक नहीं सीख रही।

अगर वह सबक सीखने का फैसला भी करती है, तो विपक्ष के नेता पिनराई विजयन उसे ऐसा करने नहीं दे रहे।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि गठबंधन के भीतर के मतभेदों को सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार देश को ‘अंधकार युग’ की ओर ले जा रही है। नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब भी उस कार्रवाई को जायज ठहराने में जुटी हुई है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह घटना जंतर-मंतर पर हुई थी। केंद्र सरकार अब भी इसे सही ठहराने में लगी हुई है। वह छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई को भी उचित बता रही है।’’
वेणुगोपाल ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण वाले मंच के ‘शुद्धीकरण’ का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं दिखाती हैं कि देश अंधकारमय दौर की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत को अंधकार युग की ओर ले जा रहा है। देश में इसके खिलाफ एक मजबूत लड़ाई जरूरी है और यही हमारा हित भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *