रायबरेली कांग्रेस ने SIR मुद्दे पर की समीक्षा बैठक:मतदाता सूची में गड़बड़ी पर जताई चिंता, 15 दिन का अल्टीमेटम

रायबरेली कांग्रेस ने SIR मुद्दे पर की समीक्षा बैठक:मतदाता सूची में गड़बड़ी पर जताई चिंता, 15 दिन का अल्टीमेटम

रायबरेली जिला कांग्रेस कमेटी ने आज तिलक भवन स्थित कार्यालय में एस.आई.आर. (SIR) मुद्दे पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी ने की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने मतदाता सूची में धांधली पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर फर्जी और गलत तरीके से दर्ज नामों को चिन्हित कर रिपोर्ट तैयार की जाए। पंकज तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की मंशा दोहराई कि ‘वोट चोरी’ को पूरी तरह रोका जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. मुद्दे पर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पंकज तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी पूरे देश में इस मुद्दे पर जनता को जागरूक कर रहे हैं और भाजपा सरकार व चुनाव आयोग से संघर्ष कर रहे हैं। चूंकि रायबरेली राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। बैठक का संचालन कर रहे जिला उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी विजयशंकर अग्निहोत्री ने कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज होने पर चुनाव आयोग की आलोचना की। पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश शुक्ल ने आरोप लगाया कि सरकारी दबाव में कुछ बी.एल.ओ. द्वारा मतदाता सूची से नाम काटने में पक्षपात किया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता महताब आलम ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची से हटाए गए वास्तविक मतदाताओं से संपर्क करें। उनसे आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर उनके नाम पुनः सूची में जुड़वाएं। इस कार्य को अगले 15 दिनों में पूरा कर इसकी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में निर्मल शुक्ला, पदमधर सिंह, मो. इलियास, साहबशरण पासवान, संतोष त्रिवेदी सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *