पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके के एक घर में 60 लाख रुपये की कथित चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी 22 वर्षीय घरेलू सहायक को बिहार में नेपाल की सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार के सुपौल निवासी शशिकांत के रूप में हुई है, जिसने चोरी से ठीक एक दिन पहले शिकायतकर्ता के घर काम पर आना शुरू किया था।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को पंजाबी बाग थाने को चोरी के संबंध में फोन कर सूचना दी गई। पूछताछ के दौरान, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शशिकांत ने पंजाबी बाग एक्सटेंशन स्थित उनके घर से लगभग 60 लाख रुपये के आभूषण चोरी किए और भाग गया। इस बाबत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी का पता लगाने के लिए एक टीम का गठन किया गया।
पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’, ‘मोबाइल टावर लोकेशन’ और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को बिहार के बेलाही गांव की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से गांव में छापेमारी की। हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही शशिकांत भाग निकला।
डीसीपी के मुताबिक, स्थानीय पूछताछ से संकेत मिला कि वह नेपाल भागने की फिराक में है जिसके बाद आगे की तकनीकी निगरानी से पुलिस ने कुनौली सीमा के पास उसका पता लगाया जहां से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने चोरी के आभूषण और अन्य कीमती सामान अपने आवास पर एक संदूक में छुपाए थे। पुलिस उसे बेलाही गांव स्थित उसके घर ले गयी, जहां उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तुओं में लगभग 450 ग्राम वजन की चांदी की प्लेट और सिक्के, हीरे की तीन चेन, सोने की एक चेन, एक हीरे का सेट, एक हीरे की अंगूठी, पांच हीरे के लॉकेट, दो कलाई घड़ियां और एक हीरे की बाली शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद माल की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। आगे की जांच जारी है।

