Punjab politics: पंजाब में आप को बड़ा झटका, रामपुरा फूल के कई वरिष्ठ नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

Punjab politics: पंजाब में आप को बड़ा झटका, रामपुरा फूल के कई वरिष्ठ नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय झटका लगा, जब रामपुरा फूल से जुड़े कई वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस के महासचिव एवं पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को इन नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पंजाब और पंजाबियों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरी और उसने लोगों को निराश किया है।

‘आप अब सत्ता से बाहर होने की ओर’

इस अवसर पर बघेल ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के इतने नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना स्पष्ट संकेत है कि पंजाब के लोग आप सरकार से निराश हो चुके हैं और अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो पंजाब और पंजाबियों के हित में काम करे, न कि बाहरी लोगों के लिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी छोड़कर नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना साफ संदेश देता है कि आप अब सत्ता से बाहर होने की ओर बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस वापसी कर रही है।

ये नेता हुए शामिल

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई और आप नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से मनजीत सिंह सिद्धू शामिल हैं। सिद्धू ने वर्ष 2017 में रामपुरा फूल विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और उन्हें 30 हजार से अधिक वोट मिले थे। इसके अलावा मनजीत सिंह, गोल्डी वर्मा (रामपुरा फूल सिटी अध्यक्ष), निनी बंसल (पूर्व अध्यक्ष, नगर परिषद रामपुरा फूल), सुरेश बहिया (पूर्व अध्यक्ष, नगर परिषद रामपुरा फूल), नगर पार्षद सतीश कुमार, नीरज चौधरी, नीरज सिंगला, रामनिंदर सिंह, लड्डी संधू और मनप्रीत भुल्लर भी कांग्रेस में शामिल हुए।

एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान

पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस को मिलने वाला हर नया समर्थन पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाता है और पंजाब के लिए उनका संकल्प और मजबूत होता है। उन्होंने पंजाब के बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए सभी को नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *