पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:गैस सिलेंडरों का संकट; ASI की पिटाई, पगड़ी उतरी; निहंग ने नवविवाहिता घेरी; मंत्री बोले- बदमाशी निकाल दूंगा

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:गैस सिलेंडरों का संकट; ASI की पिटाई, पगड़ी उतरी; निहंग ने नवविवाहिता घेरी; मंत्री बोले- बदमाशी निकाल दूंगा

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की शॉर्टेज और घरेलू सिलेंडर की बुकिंग भी प्रभावित होने से जुड़ी रही। जिससे 10 हजार से ज्यादा शादियों पर संकट मंडराने लगा है। घरेलू गैस की बुकिंग ऑनलाइन अनिवार्य कर दी गई है लेकिन उसका सर्वर ही नहीं चल रहा है। वहीं, चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ASI से मारपीट से जुड़ी रही, जिसमें उनकी पगड़ी भी उतर गई। वह बैंक एटीएम में झगड़ा सुलझाने के लिए गए थे लेकिन उनकी ही पिटाई हो गई। पंजाब-चंडीगढ़ की दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. कॉमर्शियल सिलेंडर का 3 दिन का स्टॉक बचा, घरेलू की बुकिंग बंद मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब पंजाब में भी दिखने लगा है। प्रदेश में LPG के कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो गई है और सिर्फ 2 से 3 दिन का स्टॉक बचा है। इसका असर अब 10 हजार शादियों पर पड़ सकता है और शादियों में खाने की वैरायटी कम होने की आशंका है। गैस एजेंसियां पहले पुरानी बुकिंग क्लियर कर रही हैं, जिससे करीब 7 से 8 दिन की पेंडेंसी चल रही है। लुधियाना और फरीदकोट में सर्वर डाउन होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। फरीदकोट, होशियारपुर और पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद है। इधर, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) के नंगल और बठिंडा प्लांट में गैस की कमी के कारण यूरिया का प्रोडक्शन रुक गया है। पंजाब होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रधान अमरवीर सिंह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद है। जिन लोगों के घरों में शादी या अन्य फंक्शन हैं, उन्हें परेशानी होने लगी है। अगर एक-दो दिन में समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मीटिंग भी बुलाई गई है। जालंधर के लाडोवाली रोड पर ढाबा कर्मचारी धीरेंद्र ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर खत्म था, इसलिए आज ब्लैक में सिलेंडर लिया है। 10 दिन पहले तक ये सिलेंडर 1600 रुपए के करीब था, अब ये 3500 रुपए के करीब मिल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. वित्तमंत्री छाती ठोक बोले- बदमाशी करता है, जहां मर्जी आ जा पंजाब विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। वित्तमंत्री हरपाल चीमा तो इस कदर गुस्से में आ गए कि खैहरा से सीधे भिड़ गए। चीमा ने कहा- ऐह बदमाशी करदा, जित्थे मर्जी आ जा, तेरे वरगे बंदिया दी बदमाशी कइयां दी कड्‌डी आ। इस दौरान चीमा हाथ से अपनी छाती भी ठोकते रहे। इसको लेकर सदन का माहौल खूब गर्मा गया। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं मजदूर के घर पैदा हुआ हूं और अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभा रहा हूं। हम 5 बार बजट पेश कर चुके हैं और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। बाजवा साहब का धन्यवाद, लेकिन इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। यह जिस भी पार्टी में जाता है, वहां गड़बड़ कर देता है। चीमा ने कहा कि मैं सोशल मीडिया पर पढ़ रहा था कि कहीं लिखा था तेल चोरी की, कहीं तिरपाल चोरी करते पकड़े गए और कहीं 12वीं की डिग्री छिपाते पकड़े गए। अगर मन में चोर हो, तभी चीजें छिपाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी डिग्री कहीं भी चेक करवा लो। तेरी तरह नहीं कि किसी और को अपनी जगह बैठाकर पेपर पास कर लिया हो। (पढ़ें पूरी खबर) 3. ASI को थप्पड़ मारे, पगड़ी उतरी, बैंक में झगड़ा सुलझाने पहुंचे थे चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एटीएम मशीन खराब होने की बात को लेकर एक व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड और बैंक स्टाफ से उलझ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे समझाकर बाहर ले जा रहे थे। तभी उसने एएसआई के साथ हाथापाई कर दी और थप्पड़ मार दिए, जिससे उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई। बाद में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के भाई की ओर से माफी मांगने के बाद पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया। (पढ़ें पूरी खबर) 4. ब्लैक ऑडी ने विदेशी युवती को उड़ाया, 14 फीट हवा में उछलकर रोड पर गिरी, मौत मोहाली में ओवरस्पीड ऑडी कार ने पैदल जा रही एक विदेशी युवती को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवती करीब 14 फीट हवा में ऊपर उछलकर रोड के दूसरी ओर जा गिरी। जिससे ज्यादा खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जीरकपुर की वीआईपी रोड पर एमकेयर अस्पताल के सामने मंगलवार देर रात करीब 12 बजे हुआ। मृतका की पहचान मावलूदा के नाम से हुई है। वह तुर्की की रहने वाली है। हादसे का पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अब मृतका के परिवार से संपर्क किया गया है। तुर्की से उसकी बहन आ रही है। उसके बाद मृतका का पोस्टमॉर्टम होगा। वहीं, यह पूरा हादसा वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है। जिसमें दिख रहा है कि ऑडी की टक्कर लगते ही युवती उछलकर रोड पर गिर रही है। चश्मदीदों ने बताया कि विदेशी युवती मावलूदा (37) अपने दोस्त के साथ एमकेयर अस्पताल से पैदल जा रही थी। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ऑडी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवती को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 5. दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर ट्रक में घुसी टैक्सी, NRI दंपती की मौत तरनतारन के NRI दंपती की दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट में मौत हो गई। वह अमेरिका से अपने घर तरनतारन लौट रहे थे। उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से टैक्सी किराए पर ली थी। जो पानीपत में मिडिल लेन में खड़े ट्रक के पीछे घुस गई। दंपती का अमेरिका में ट्रासंपोर्ट का कारोबार है। दंपती को पहले US से सीधे अमृतसर आना था लेकिन अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध की वजह से उनकी टिकट कैंसिल हो गई थी। जिस वजह से वे वाया दिल्ली आ रहे थे। उनके इकलौते बेटे की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। वहीं अब परिवार में उनकी बेटी रह गई है, जो अमेरिका में रहती है। रंजीत सिंह संधू (63) अमेरिका में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह वह पत्नी सतिंदर कौर (61) के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दंपती की किस्मत उन्हें मौत के करीब खींच लाई। पहले उनकी सीधी US से अमृतसर के लिए फ्लाइट बुक थी, लेकिन अमेरिका-इजरायल के ईरान से युद्ध के कारण वह टिकट कैंसिल हो गई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लिए दोबारा टिकट बुक की और वहां से टैक्सी के जरिए घर जाने का फैसला किया, जो उनके जीवन का आखिरी सफर साबित हुआ। (पढ़ें पूरी खबर) 6. अब 24 घंटे मिलेगी शराब, होटलों में रात 2 बजे तक ऑर्डर कर सकेंगे चंडीगढ़ के A कैटेगरी के होटलों में अब 24 घंटे शराब मिलेगी। यह सुविधा कैटेगरी B व C के होटलों में भी मिल सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें 30 लाख रुपए की एनुअल लाइसेंस फीस देनी होगी। इन होटलों के कमरों में मिनी बार भी बनाया जा सकता है। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से 2026-27 के लिए बनाई एक्साइज पॉलिसी में यह व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बार अब सुबह 11 बजे से रात 1 बजे तक खुला रहेगा। हालांकि, 12 बजे के बाद ऑर्डर नहीं लिया जा सकता। हां, अगर कोई क्लब, बार या रेस्टोरेंट में देर रात तक शराब परोसना चाहता है तो 8 लाख रुपए देकर रात 3 बजे तक शराब परोस सकता है। वहां भी आखिरी ऑर्डर रात 2 बजे तक ही लिया जाएगा। पॉलिसी में लाइसेंस होल्डर को अब अपने क्लब, रेस्टोरेंट या होटल में एक्स्ट्रा बार भी खोलने की अनुमति होगी। इसके लिए मूल लाइसेंस फीस की 75% अतिरिक्त फीस देनी होगी। किसी दूसरी जगह पर शराब परोसने के लिए 25% एक्स्ट्रा फीस लगेगी। चंडीगढ़ में इस साल मोहाली से सटे गांव पलसोरा का शराब ठेका सबसे महंगा है। एक्साइज विभाग ने इसका रिजर्व प्राइज 11.41 करोड़ रुपए तय किया है। सेक्टर 41-C मार्केट का ठेका सबसे सस्ता होगा। इसका रिजर्व प्राइज 1.93 करोड़ रुपए रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. निहंग ने देह व्यापार करने आईं लड़कियां घेरीं, लाल सूट-चूड़े वाली बोली- मेरी अभी शादी हुई जालंधर में बस स्टैंड के पास नरिंदर सिनेमा वाली गली में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे एक निहंग सिंह ने कथित तौर पर देह व्यापार कर रही लड़कियों को पकड़ा। एक लड़की ने खुद नवविवाहिता बताते हुए कहा कि वह अपनी बहन के साथ आई है। जब निहंग ने उसे बहन को बुलाने को कहा तो दोनों मौके से भाग निकलीं। इस दौरान निहंग सिंह ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों वहां से फरार हो गईं। तरना दल से जुड़े ऑटो ड्राइवर बाबा बख्शीश सिंह बाजड़ा ने बताया कि वह रात में ऑटो चलाते हैं और शहर की अलग-अलग गलियों से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि नरिंदर सिनेमा वाली गली में अक्सर लड़के-लड़कियां खड़े मिलते हैं और कई बार आपत्तिजनक हालत में होते हैं। इन पर कार्रवाई होनी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर) 8. सिंगर जसबीर जस्सी बोले- चिट्‌टे से भी खतरनाक हैं डेरे, ये माइंडवॉश करते हैं ‘दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी’ फेम पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने कहा कि वह कब्रों पर जाकर नहीं गाते, चाहे कोई उन्हें करोड़ों रुपए क्यों न दे। जस्सी यहीं नहीं रुके, उन्होंने डेरों को चिट्‌टा, ड्रग बेचने से भी खतरनाक बता दिया। एक इंटरव्यू में जस्सी ने कहा कि डेरों को प्रमोट करना चिट्‌टा बेचने से भी खतरनाक है, क्योंकि यहां लोगों का माइंडवॉश किया जाता है। उन्होंने कहा कि लुधियाना के एक बाबा ने उन्हें अपने डेरे में होने वाले मेले में गाने के लिए ऑफर किया और 32 से 35 लाख रुपए देने की बात की, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। जस्सी ने कहा- मुझसे पहले भी वहां कई सिंगर गा चुके थे और मेरे बाद भी कई सिंगरों ने गाया है। बाबा ने मेले के बाद फोन कर कहा कि तुम नहीं आए तो मैं तुमसे भी बेहतर सिंगर लेकर आया और वह गाकर चला गया। मेरा उसूल है मैं कब्र वाली जगह पर नहीं गाता हूं। इसलिए, बाबा को मना कर दिया। जस्सी का यह बयान सीधे तौर पर उन सिंगरों को चुभने वाला है, जो डेरों और मजारों पर हर साल लगने वाले मेलों में परफॉर्म करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी सिंगर राणा सहोता पर जानलेवा हमला, कार से पीछा कर फायरिंग की मशहूर पंजाबी गायक राणा सहोता पर नवांशहर के पास अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमले की कोशिश की गई। रिपोर्ट के अनुसार, एक संदिग्ध काले रंग की कार ने सिंगर का पीछा किया और उन्हें जबरन रोकने का प्रयास किया। जब राणा सहोता ने खतरा भांपते हुए गाड़ी नहीं रोकी, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सिंगर राणा सहोता ने मीडिया के सामने आकर बताया कि वह बुधवार को अपनी कार खुद चलाकर नवांशहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की संदिग्ध कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद हमलावरों ने अपनी गाड़ी उनकी कार के बिल्कुल बराबरी पर लगा दी। सिंगर के मुताबिक- कार के अंदर बैठे कुछ युवकों ने मुझे खिड़की से हाथ देकर गाड़ी रोकने का इशारा किया। उनकी नीयत भांपते ही मैं समझ गए कि कुछ गलत होने वाला है। मैंने हिम्मत दिखाई और अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… मालिक का माल हड़पने के लिए ड्राइवर बोला- लूट हो गई खुद को कर्ज से मुक्त कराने के लिए एक ड्राइवर ने खुद की ही लूट की कहानी बना डाली। उसने अपने मालिक को फोन कर बताया कि वह सामान की डिलीवरी देकर पार्टी से सामान का पैसा लेकर लौट रहा था। इसी दौरान उसे रास्ते में 4 लुटेरों ने घेर लिया और उससे पैसे छीन लिए। यह सुनकर मालिक मौके पर भी पहुंचा और ड्राइवर का हाल भी पूछा। हालांकि, उसे विश्वास नहीं हुआ और उसने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी। जब पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो ड्राइवर ने असली कहानी बता डाली। यह मामला मोगा जिले का है। बधनी कलां पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के पास से 1 लाख 85 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं। थाना बधनी कलां के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि लुधियाना के जसपाल बांगर के रहने वाला साहिल दुआ ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया कि दुआ बिजनेस इम्पेक्स नाम से प्लाईवुड और सनमाइका का कारोबार करते हैं। उन्होंने अपने ड्राइवर मनदीप कुमार को सामान देकर बधनी कलां भेजा था। ड्राइवर ने बधनी कलां में सामान उतारने के बाद वहां से 1 लाख 90 हजार रुपए लिए। इसके बाद उसने मालिक को फोन कर बताया कि बुट्टर कलां और मदोके के बीच रास्ते में चार अज्ञात युवकों ने उसे रोककर 1 लाख 90 हजार रुपए लूट लिए। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर मुलाकात होगी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *