Punjab में शासन से लोगों का भरोसा उठ रहा, Sachin Pilot ने AAP सरकार को घेरा

Punjab में शासन से लोगों का भरोसा उठ रहा, Sachin Pilot ने AAP सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को पंजाब में नशीले पदार्थों और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार, अपराधियों, नेताओं तथा पुलिस के बीच के कथित गठजोड़ का विरोध करने और उसे उजागर करने वालों का अंजाम तय रहता है। मानसा में गैंगस्टर विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि वह नशे की समस्या के खिलाफ लड़ने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने जालंधर के शाहकोट में पत्रकारों से कहा, ‘‘दुर्भाग्य से अब पंजाब के लोगों का शासन व्यवस्था से भरोसा उठ रहा है।

इसी वजह से लोग राज्य छोड़कर जा रहे हैं। वे वापस नहीं आना चाहते। युवा निराश हैं।

उन्हें लगता है कि जिस तरह चीजें हो रही हैं, उससे उम्मीद खत्म हो रही है। मेरे विचार से यह समाज के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आते-जाते रहेंगे, पार्टियां जीतेंगी और हारेंगी, लेकिन व्यवस्था में लोगों के विश्वास से समझौता नहीं किया जा सकता।’’
झोटा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। 13 अक्टूबर को मानसा के एक भीड़भाड़ वाले बाजार में स्थित मेडिकल स्टोर के भीतर दिनदहाड़े गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि झोटा ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दुकान के मालिक अश्वनी कुमार ने उन पर गोली चला दी। अश्वनी को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया था। पायलट गैंगवार के पीड़ितों के परिवारों से मिलने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग के लिए पांच दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं।

दौरे के तीसरे दिन उन्होंने शाहकोट में कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबिया के परिवार से मुलाकात की। प्रमुख कबड्डी खिलाड़ी अंबिया की मार्च 2022 में जालंधर में एक मैच के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक सवाल के जवाब में पायलट ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि भाजपा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ सत्ता में रही थी, इसलिए वह अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती। उन्होंने कहा, ‘‘आज दिल्ली में भाजपा की सरकार है। उसके पास गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय हैं।

पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर निगरानी में खामियां हैं। सीमा पार से नशीले पदार्थ और हथियार आ रहे हैं। भारत सरकार क्या कर रही है?

गृह मंत्रालय क्या कर रहा है?’’
इससे पहले, पायलट ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के साथ नकोदर में टिम्मी चावला के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। टिम्मी की चार साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कांग्रेस नेताओं ने परिवार को आश्वासन दिया कि वे चावला को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

पायलट ने कहा, ‘‘मैंने दिवंगत भूपिंदर सिंह चावला (टिम्मी चावला) के परिवार से मुलाकात की। चार साल पहले टिम्मी चावला को लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलती रहीं।

दिनदहाड़े उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मनदीप सिंह की भी हमले में जान चली गई।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘पंजाब में धमकियों, वसूली और दिनदहाड़े गोलीबारी की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। इनसे नागरिकों में असुरक्षा बढ़ रही है, निर्दोष लोगों की जान जा रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *