रास्ते से कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध:गोंडा में पुलिस-प्रशासन वापस लौटा, बुलडोजर लेकर पहुंची टीम

रास्ते से कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध:गोंडा में पुलिस-प्रशासन वापस लौटा, बुलडोजर लेकर पहुंची टीम

गोंडा जिले की सदर तहसील के हारीपुर ग्राम पंचायत में आज रविवार दोपहर 2 बजे बुलडोजर के साथ अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम और पुलिसकर्मियों को विरोध के चलते खाली हाथ लौटना पड़ा है। नगर मजिस्ट्रेट गोंडा के आदेश पर आबादी में बने रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। सदर नायब तहसीलदार चंदन कुमार और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। रामखेलावन, जिन पर अतिक्रमण का आरोप है, ने कार्रवाई का विरोध करते हुए तर्क दिया कि उनका मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और स्टे की तारीख लगी है। इस दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी कार्रवाई का विरोध करते हुए न्यायालय में मामला होने की बात कही है। इसके बाद राजस्व टीम बुलडोजर के साथ बिना कार्रवाई किए मौके से वापस लौट गई। यह कार्रवाई अखिलेश कुमार वर्मा द्वारा नगर मजिस्ट्रेट के यहां दायर एक वाद के बाद की जा रही थी। वर्मा ने मांग की थी कि गाटा संख्या 142 खा जो कि आबादी की जमीन है और उस पर एक रास्ता बना हुआ है, उसे रामखेलावन ने अवैध रूप से अतिक्रमित कर रोक दिया है। नगर मजिस्ट्रेट ने सुनवाई के बाद वर्ष 2024 में अवैध अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। हालांकि, लगभग दो साल बीत जाने के बाद भी उनके आदेश का अनुपालन नहीं हो पाया है। रामखेलावन ने बताया कि उनका मामला न्यायालय में चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज जब अधिकारी कार्रवाई करने आए तो उन्होंने अपने कागजात दिखाए और विरोध किया,जिसके बाद वे वापस चले गए। रामखेलावन ने जल्द ही स्टे मिलने की उम्मीद जताई। नायब तहसीलदार चंदन कुमार ने बताया कि मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका के चलते आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो पाई।उन्होंने आश्वासन दिया कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन जल्द ही कराया जाएगा। टीम नगर मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में ही मौके पर गई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *