तेज बुद्धि, प्रखर वक्ता और अडिग विश्वास! बाल ठाकरे की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने कही दिल छू लेने वाली बात

तेज बुद्धि, प्रखर वक्ता और अडिग विश्वास! बाल ठाकरे की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने कही दिल छू लेने वाली बात

शिवसेना संस्थापक और ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बालासाहेब ठाकरे की आज (23 जनवरी) 100वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मराठी भाषा में ट्वीट कर उन्हें नमन किया और उनके विराट व्यक्तित्व को याद किया। बाल ठाकरे का जन्म 23 जनवरी 1926 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। इस वर्ष उनकी 100वीं जयंती है, जिसके चलते यह दिन शिवसैनिकों और उनके समर्थकों के लिए खास महत्व रखता है।

बालासाहेब का जनता के साथ था अनोखा जुड़ाव- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बालासाहेब ठाकरे के साथ अपनी पुरानी तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, “तीक्ष्ण बुद्धिमत्ता, प्रभावी वक्तृत्व और दृढ़ विचारधारा के लिए पहचाने जाने वाले बालासाहेब जनता के साथ एक अद्वितीय रिश्ता रखते थे। राजनीति के साथ-साथ उन्हें संस्कृति, साहित्य और पत्रकारिता में भी गहरी रुचि थी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि एक कार्टूनिस्ट के रूप में बालासाहेब के काम में समाज का सूक्ष्म निरीक्षण और निडर टिप्पणी दिखाई देती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महाराष्ट्र की प्रगति के लिए बालासाहेब का दृष्टिकोण आज भी प्रेरणा देता है और सरकार उसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिवसैनिकों के लिए खास दिन

23 जनवरी 1926 को महाराष्ट्र के पुणे में जन्मे बालासाहेब ठाकरे की विरासत को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए आज मुंबई सहित पूरे राज्य में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। सुबह उद्धव ठाकरे ने अपने परिवार और आदित्य ठाकरे के साथ मुंबई के रीगल सिनेमा स्थित बालासाहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

शिवसेना (उबाठा) ने बाल ठाकरे की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में माटुंगा के षण्मुखानंद हॉल में एक बड़ा समारोह आयोजित किया है। इस कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे दोनों मौजूद रह सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *