लखनऊ में आयकर कर्मचारी महासंघ (ITEF) पूर्वी उत्तर प्रदेश सर्किल की शाखा के चुनाव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। मतदान में कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिसने संगठन के प्रति उनके भरोसे और एकजुटता को साफ तौर पर दिखाया। चुनाव में सर्किल समर्थित टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। सबसे खास बात यह रही कि शाखा अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सरोज और शाखा सचिव अनुपम कुमार मिश्रा ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया। यह उनकी मजबूत पकड़ और कर्मचारियों के बीच भरोसे का संकेत माना जा रहा है। प्रभावशाली जीत दर्ज की अन्य पदों पर भी दमदार जीत देखने को मिली। उपाध्यक्ष पद पर स्मृति सिंह, संयुक्त सचिव के रूप में अमित कुमार गुप्ता और कोषाध्यक्ष के रूप में अजय यादव निर्वाचित हुए। सभी ने अपने-अपने पदों पर प्रभावशाली जीत दर्ज की। जीत के बाद नव-निर्वाचित टीम ने कर्मचारियों के विश्वास और सहयोग को अपनी सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।महासंघ के महासचिव संतोष मिश्रा और अध्यक्ष विपनेस समेत अन्य पदाधिकारियों ने विजयी टीम को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।


