पुलिस ने साधु का भेष बनाकर डकैत पकड़ा:उदयपुर में 22 साल पहले कंटेनर ड्राइवर-खलासी से की थी लूट, 10 हजार का था ईनाम

पुलिस ने साधु का भेष बनाकर डकैत पकड़ा:उदयपुर में 22 साल पहले कंटेनर ड्राइवर-खलासी से की थी लूट, 10 हजार का था ईनाम

उदयपुर की गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के ईनामी डकैत देवीसिंह कंजर को गिरफ्तार किया। पुलिस की टीम ने मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंकखुर्द इलाके में जाकर इस शातिर बदमाश को दबोचा है। खास बात यह है कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिसवालों को अपना हुलिया बदलकर साधु बनना पड़ा। यह मामला साल 2004 का है, जब आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उदयपुर के पास एक कंटेनर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तब से पुलिस इसकी तलाश में थी, लेकिन यह बार-बार चकमा देकर फरार हो जाता था। उदयपुर एसपी अमृता दुहन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने इस पुराने मामले की फाइल खोली और आरोपी तक पहुंचने का प्लान बनाया। लूट की वह वारदात बेहद खौफनाक थी। 29 जुलाई 2004 की रात को कंटेनर ड्राइवर रविंद्र कुमार यादव कपड़ों की गांठें लेकर सूरत से जयपुर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे पडुणा पहुंचे, तो बदमाशों ने टाटा सूमो गाड़ी कंटेनर के आगे लगा दी। करीब 10-12 बदमाश आए और ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने ड्राइवर और खलासी के हाथ-पैर बांध दिए और उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर मक्के के खेत में डाल दिया। इसके बाद बदमाश कपड़ों से भरा कंटेनर लूटकर ले गए थे। गोवर्धनविलास थाना पुलिस की टीम पिछले कई सालों से देवीसिंह की तलाश में मध्यप्रदेश के देवास जा रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। मामला गंभीर होने के कारण पहले इस पर 2 हजार का ईनाम रखा गया था, जिसे साल 2023 में बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया। इस बार प्रशिक्षु आरपीएस रामकुमार भादु के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने इस बार शातिर बदमाश को पकड़ने के लिए अलग रणनीति अपनाई। एएसआई मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार, कांस्टेबल जसवंत सिंह और दिनेश कुमार की टीम देवास के चिड़ावद गांव पहुंची। वहां पुलिसकर्मियों ने साधु का भेष धारण किया और गांव के बाजार में रेकी शुरू की। टीम ने मंदिरों के पुजारियों से भी गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाई। 10 अप्रैल को सुबह पुलिस को सटीक सूचना मिली कि देवीसिंह अपने खेत की तरफ जाने वाला है। पुलिस टीम तुरंत उसके घर के बाहर पहुंच गई। हालांकि, साधु के वेश में आए लोगों को देखकर शातिर बदमाश को भनक लग गई और वह घर के पीछे बाड़े में छिपने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस ने घेरा डालकर उसे वहीं दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी देवीसिंह झाला (57) शातिर अपराधी है और उस पर मध्यप्रदेश के टोंक खुर्द थाने में भी कई मामले दर्ज हैं। इस केस में 5 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं और एक की मौत हो चुकी है। इस मामले में हर बार आरोपी देवीसिंह पुलिस को चकमा देकर उनके फरार हो रहा था, जबकि पुलिस ने पहले भी एक दर्जन बार टीम ने उसे पकड़ने की कोशिशे की थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *