जोधपुर मंडल के मेड़ता रोड और समदड़ी रेलवे स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। निर्माण कार्यों के चलते मेड़ता रोड स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर ट्रेनों का संचालन अस्थाई रूप से प्रभावित रहेगा। वहीं, समदड़ी स्टेशन पर 15 से 20 अप्रैल के बीच गर्डर लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दोनों स्टेशनों पर जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर वैकल्पिक इंतजाम किए हैं। मेड़ता रोड: 17 अप्रैल तक ब्लॉक रहेंगी लाइनें जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- मेड़ता रोड जंक्शन पर एफओबी फाउंडेशन निर्माण के लिए प्लेटफॉर्म लाइन संख्या 2 और 3 पर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके तहत 9 से 13 अप्रैल तक लाइन संख्या 3 तथा 14 से 17 अप्रैल तक लाइन संख्या 2 पूरी तरह बंद रहेगी। इसके बाद सभी लाइनें चालू कर दी जाएंगी, लेकिन कार्य पूरा होने तक यहां से गुजरने वाली ट्रेनों की गति 5 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित रखी जाएगी। ट्रेनों के बदलेंगे प्लेटफॉर्म, होगी नियमित उद्घोषणा डीआरएम त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि कार्य अवधि के दौरान मेड़ता रोड स्टेशन पर कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया जा सकता है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर नियमित उद्घोषणाएं कर समय-समय पर जानकारी दी जाएगी। कार्य स्थल पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा के भी पूरे इंतजाम किए गए हैं। समदड़ी: प्लेटफॉर्म 4 पर शिफ्ट हुआ गर्डर समदड़ी स्टेशन पर चल रहे एफओबी निर्माण के तहत गर्डर की प्लेसिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। सोमवार को गर्डर को प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर सुरक्षित रूप से शिफ्ट कर दिया गया। डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि अब अगला महत्वपूर्ण चरण गर्डर लॉन्चिंग का है, जिसे 15 से 20 अप्रैल के बीच प्रस्तावित किया गया है। यह जटिल कार्य निर्धारित ट्रैफिक ब्लॉक और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन की उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा। गर्डर लॉन्चिंग एक इंजीनियरिंग प्रक्रिया है, जिसमें भारी स्टील या कंक्रीट संरचनाओं को क्रेन की मदद से निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाता है। सुरक्षा के लिए वैकल्पिक मार्ग का करें उपयोग निर्माण कार्य के चलते समदड़ी स्टेशन पर कार्य क्षेत्र को आम आवाजाही के लिए प्रतिबंधित किया गया है। प्लेटफॉर्म परिवर्तन के लिए बाड़मेर साइड पर एक वैकल्पिक पाथवे की व्यवस्था की गई है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पटरी पार करने से बचें और एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। विकास कार्यों का शेड्यूल: लाइन 3 बंद (मेड़ता रोड): 9 से 13 अप्रैल लाइन 2 बंद (मेड़ता रोड): 14 से 17 अप्रैल गर्डर लॉन्चिंग (समदड़ी): 15 से 20 अप्रैल 2026 के बीच प्रस्तावित


