Property Dealer Shooting CCTV: पटना में अपराधियों के दुस्साहस ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। जिस वक्त पुलिस अधिकारी अपराध पर लगाम लगाने की रणनीति बना रहे थे, उसी दौरान रामकृष्ण नगर इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर चार गोलियां दाग दी गईं। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने से पुलिस के हाथ अहम सुराग लगने की उम्मीद है। अब जांच की दिशा जमीन कारोबार से जुड़े विवादों की ओर भी मुड़ गई है।
एसएसपी की बैठक चल रही थी, उधर अपराधियों ने कर दिया हमला
पटना में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के ज्योतिषी पथ में प्रॉपर्टी डीलर शुभम यादव को बदमाशों ने निशाना बनाया। खास बात यह है कि इसी दौरान पुलिस महकमे में अपराध नियंत्रण को लेकर क्राइम मीटिंग चल रही थी।
बताया जा रहा है कि शुभम सड़क पर पैदल मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहे थे। तभी बाइक पर सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे और बिना ज्यादा समय गंवाए लगातार फायरिंग शुरू कर दी।
चार गोलियां लगते ही सड़क पर गिर पड़े शुभम
हमले में शुभम यादव को चार गोलियां लगीं। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली लगने के बाद शुभम सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन शुरू की। सदर-2 डीएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश की।


