पापा बचाओ बेटा चिल्लाता रहा, लखीमपुर खीरी में तेंदुए से भिड़ा पिता, आंखों के सामने चली गई इकलौते बेटे की जान

पापा बचाओ बेटा चिल्लाता रहा, लखीमपुर खीरी में तेंदुए से भिड़ा पिता, आंखों के सामने चली गई इकलौते बेटे की जान

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के ईसानगर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में खेल रहे 6 साल के बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। पिता तेंदुए से भिड़ गया। तब तक ग्रामीण भी पहुंच गए। लोगों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को भगा दिया। लेकिन तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर इलाके के रायपुर गांव में रविवार देर शाम एक दुखद हादसा हो गया। गांव के रहने वाले जवाहर लाल यादव अपने छह वर्षीय बेटे शुभम के साथ खेत पर गए थे। जवाहर खेत में काम कर रहे थे। जबकि शुभम पास ही खेल रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया।
तेंदुए ने शुभम की गर्दन पकड़ ली। उसे खींचते हुए खेत की झाड़ियों की तरफ ले जाने लगा। बेटे की चीख सुनकर पिता उसकी ओर दौड़े और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से तेंदुए को खदेड़ दिया। इसके बाद तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया।

तेंदुए

इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में लिए आखिरी सांस

हालांकि हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो चुका था। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में गुस्सा फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण खमरिया-ईसानगर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी और इसकी सूचना अधिकारियों को भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। धौरहरा के विधायक विनोद शंकर अवस्थी और सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत की और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तेंदुए की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा तथा पिंजरे और कैमरे लगाए जाएंगे। फिलहाल मृतक बच्चे के परिजन शव को घर पर रखकर बैठे हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की मांग कर रहे हैं। गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *