मऊगंज कलेक्ट्रेट स्थित परेड ग्राउंड में स्वर्गीय सुरेन्द्र नाथ पाण्डेय स्मृति मऊगंज प्रीमियर लीग (एमपीएल ट्रॉफी) का शुक्रवार शाम समापन हो गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाण्डेय क्लब पैपखार ने स्वर्गीय रामदरश त्रिपाठी फैंस क्लब मऊगंज को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 51 हजार रुपए नकद और एक आकर्षक ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता को 21 हजार रुपए का पुरस्कार मिला।
सानू परिहार की अर्धशतकीय पारी से पाण्डेय क्लब विजयी फाइनल मैच में स्वर्गीय रामदरश त्रिपाठी फैंस क्लब मऊगंज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम 13.5 ओवर में 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाण्डेय क्लब पैपखार ने 12.2 ओवर में 100 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। पाण्डेय क्लब की ओर से सानू परिहार ने 51 रन की शानदार पारी खेली, वहीं विकास तिवारी ने 24 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। 32 टीमों वाला जिला स्तरीय टूर्नामेंट, प्रतिभाओं को मिला मंच यह जिला स्तरीय टूर्नामेंट 14 फरवरी से शुरु किया गया था, जिसमें जिले की कुल 32 टीमों को प्रवेश दिया गया था। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। समाजसेवी और भाजपा नेता पंकज पाण्डेय ने इस टूर्नामेंट का आयोजन किया था। इससे पहले वे कबड्डी प्रतियोगिता भी आयोजित करा चुके हैं। समापन समारोह में रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, विक्रम सिंह परिहार और एसडीओपी सची पाठक शामिल थीं। आईजी बोले-“दिल से खेलो और जोर से खेलो।” आईजी गौरव राजपूत ने समारोह से पहले पुलिस कंट्रोल रूम में एक क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बाद में मैदान पहुंचकर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “दिल से खेलो और जोर से खेलो।” उन्होंने खेलों को समाज में एकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने वाला बताया।


