OpenAI employee arrested: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर की बड़ी कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को हेडक्वार्टर में कॉर्पोरेट जासूसी का एक मामला सामने आया है। कंपनी के एक कॉन्फ्रेंस रूम में एक एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला, जिसे गोपनीय बातचीत सुनने के लिए छिपाकर रखा गया था। इसके मिलने के बाद FBI ने 35 साल के सऊदी नागरिक अब्दुल रहमान अलफोजान को गिरफ्तार किया, जो OpenAI में इंजीनियरिंग लीड के तौर पर काम कर रहा था। कंपनी ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी इंजीनियर को नौकरी से निकाल दिया।
टीवी के पीछे छिपाया गया था डिवाइस
यह मामला 30 सितंबर को उस वक्त सामने आया, जब OpenAI की टेक्निकल सर्विलांस काउंटरमेजर टीम को एक रूटीन सिक्योरिटी जांच के दौरान कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगा एक ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला। FBI में दर्ज शिकायत के अनुसार, जासूसी करने वाले इस डिवाइस को पकड़े जाने से बचाने के लिए टॉयलेट पेपर के एक टुकड़े से छिपाया गया था।
इस डिवाइस में एन्क्रिप्शन, ऑडियो मॉनिटरिंग और रिमोट डेटा ट्रांसफर जैसी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी थीं। जिस कॉन्फ्रेंस रूम में यह डिवाइस मिला, उसका इस्तेमाल कंपनी की खास रिसर्च, आने वाले प्रोडक्ट प्लान, बिजनेस स्ट्रैटेजी और बड़े फैसलों पर चर्चा के लिए किया जाता था।
OpenAI ने अपने ही AI मॉडल से सुलझाया मामला
घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में OpenAI ने बताया कि उसने जासूसी डिवाइस के डिजाइन, काम करने के तरीके और उसके ओरिजिन का एनालिसिस करने के लिए अपने एडवांस्ड AI मॉडल का इस्तेमाल किया। मॉडल के टेक्निकल एनालिसिस और CCTV फुटेज को मिलाकर, कंपनी ने जल्दी ही पता लगा लिया कि डिवाइस को कुछ दिन पहले ही उसके ही एक कर्मचारी ने लगाया था। सबूत मिलने पर कंपनी ने आरोपी का सिस्टम एक्सेस रद्द कर दिया और FBI को जानकारी दी। इसके बाद फेडरल एजेंटों ने 9 अक्टूबर को उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
पांच साल तक की हो सकती है सजा
फेडरल प्रॉसिक्यूटर ने आरोपी पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करके गैरकानूनी तरीके से बातचीत सुनने का आरोप लगाया है। दोषी पाए जाने पर आरोपी को अधिकतम पांच साल की जेल हो सकती है। FBI के अनुसार, आरोपी का मुख्य मकसद कंपनी की आने वाली सुपरइंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी से जुड़ी संवेदनशील बातचीत को रिकॉर्ड करना था। अमेरिकी जांच एजेंसियों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताया है और कहा है कि अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनोवेशन की सुरक्षा काउंटर इंटेलिजेंस डिवीजन के लिए बड़ी प्राथमिकता है।
डेटा लीक का कोई सबूत नहीं
OpenAI ने कहा है कि अब तक की जांच में संवेदनशील जानकारी या कस्टमर डेटा के लीक होने या उसके साथ छेड़छाड़ का कोई सबूत नहीं मिला है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं कि आरोपी ने मॉडल वेट्स, सोर्स कोड या यूजर डेटा का अनऑथराइज्ड एक्सेस हासिल किया हो या उन्हें चुराया हो। FBI और कंपनी के बीच तालमेल से समय पर कार्रवाई की गई, जिससे बड़ा तकनीकी नुकसान टल गया। हालांकि, आरोपी द्वारा इन रिकॉर्डिंग्स के संभावित इस्तेमाल की जांच अभी भी जारी है


— OpenAI stated the FBI arrested a former employee after finding a hidden listening device in its office. The company used its AI models to identify the suspect and trace the device’s origins.