John Turner Retirement: इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जॉन टर्नर ने सिर्फ चार इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। इस खबर ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है, क्योंकि 25 साल के टर्नर ने 2024 में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना डेब्यू मैच खेला था। इस साल उन्होंने टी20 और वनडे इटंरनेशनल मैच खेले लेकिन चोट की वजह से वह दोबारा इंग्लिश टीम में जगह नहीं बना पाए। गुरुवार को अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसलों में से एक बताते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
चोट की वजह से मजबूर हुए जॉन टर्नर
आपको बता दें कि गंभीर चोट की वजह से वह पिछले एक साल से मैदान से दूर थे। साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जन्मे इस गेंदबाज़ ने हैंपशायर काउंटी के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया था, लेकिन लगातार चोटों ने उन्हें संन्यास लेने पर मजबूर कर दिया। घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने 2024 में इंग्लैंड की सीनियर टीम में जगह बनाई थी, जहाँ वह कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने वनडे में दो विकेट और टी20 में एक विकेट हासिल किया।
तो इस वजह से मजबूर हुए टर्नर
अपने संन्यास का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा, “प्रोफेशनल और इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना मेरा हमेशा से सपना था। इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे बचपन के सपनों को जीने जैसा रहा है। मैंने खेल से संन्यास लेने का फैसला किया है और यह मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक है। स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से मैं एक साल से ज़्यादा समय से मैदान से दूर रहा। लगातार चोटों ने मुझे क्रिकेटर के तौर पर खेल से दूर रखा और अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद मैंने तय किया कि अगली चुनौती का सामना करने का यह सही समय है।”
आपको बता दें कि टर्नर का जन्म भले ही साउथ अफ्रीका में हुआ था, लेकिन माँ के ब्रिटिश होने की वजह से उनके पास यूके का पासपोर्ट था और वह पढ़ाई के लिए इंग्लैंड आए थे। एक ट्रायल मैच में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने हैंपशायर के मैनेजमेंट को प्रभावित किया था। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें 2023 में पहली बार इंग्लैंड की टीम में मौका मिला, लेकिन इस साल वह डेब्यू नहीं कर पाए।



