OISF और पुलिस समेत 7,268 पदों पर भर्ती करेगा ओडिशा, OUSSSC ने मांगे आवेदन

OISF और पुलिस समेत 7,268 पदों पर भर्ती करेगा ओडिशा, OUSSSC ने मांगे आवेदन

ओडिशा वर्दीधारी सेवा कर्मचारी चयन आयोग (ओयूएसएसएससी) ने कांस्टेबल और अग्निशमन कर्मियों समेत 7,268 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उम्मीदवारों को संयुक्त वर्दीधारी सेवा (स्नातक स्तर से नीचे) परीक्षा-2026 में शामिल होना होगा।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, भर्ती कांस्टेबल (सिविल), कांस्टेबल (संचार), कांस्टेबल (ओडिशा औद्योगिक सुरक्षा बल-ओआईएसएफ), अग्निशमन कर्मी, अग्निशमन वाहन चालक और यातायात कांस्टेबल के पदों के लिए की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि यह पहली बार है जब अभ्यर्थी एक ही परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से वर्दीधारी सेवाओं के कई पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की जाती थीं और अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित की जाती थीं।

अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षण शामिल होंगे। ये परीक्षाएं संबंधित पदों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार आयोजित की जाएंगी। राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोपों के मद्देनजर पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से ओयूएसएसएससी की स्थापना की थी।

आयोग के अध्यक्ष भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रश्मि रंजन स्वैन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *